IPL 2026: लगातार तीन हार के बाद जीत के लिए पंजाब किंग्स ने धर्मशाला में किया हवन, कप्तान ने की प्रैक्टिस
पंजाब किंग्स के कोच रिकी पोंटिंग और टीम प्रबंधन ने लगातार तीन हार के बाद चौथी जीत के लिए और मौसम साफ रहने के लिए पूजा और हवन किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में शुक्रवार को पंजाब किंग्स के कोच रिकी पोंटिंग और टीम प्रबंधन ने लगातार तीन हार के बाद चौथी जीत के लिए और मौसम साफ रहने के लिए पूजा और हवन किया। इसमें देवता से धर्मशाला में पिछली लय लौटने की प्रार्थना भी। इस सीजन में पंजाब की टीम ने शुरू में अपने सभी मैच जीते थे। लेकिन पिछले तीन मैचों में पंजाब की टीम को लगातार हार का सामना करना पड़ा है। उधर, धर्मशाला में होने वाले मैचों के लिए पहुंचे पंजाब किंग्स के कप्तान को छोड़कर अधिकतर खिलाड़ियों ने आराम किया।
शुक्रवार को टीम ने अपने अभ्यास सत्र को रद्द कर आराम करने का फैसला लिया था। केवल कप्तान श्रेयस अय्यर और शशांक सिंह ने मैदान में बल्लेबाजी का अभ्यास कर लंबे-लबे शॉट खेले। शुक्रवार को टीम के अधिकांश खिलाड़ियों ने होटल में रहकर आराम किया और रिकवरी सत्र में हिस्सा लिया। अभ्यास सत्र के दौरान कोच रिकी पोंटिंग ने कप्तान के साथ काफी समय बिताया। उन्होंने बल्लेबाजी के दौरान शॉट चयन और तकनीक को लेकर विशेष सुझाव दिए। दोनों के बीच लंबे समय तक रणनीति और बल्लेबाजी शैली को लेकर चर्चा भी हुई। वहीं शनिवार को पंजाब की पूरी टीम शाम के सत्र में अभ्यास के लिए आएगी। इस दौरान वह गेंदबाजी और बल्लेबाजी कर फोकस करेगी।
शनिवार को धर्मशाला पहुंचेगी दिल्ली कैपिटल्स की टीम
11 मई को पंजाब किंग्स के साथ होने वाले मुकाबले के लिए दिल्ली कैपिटल्स की टीम शनिवार दोपहर बाद धर्मशाला पहुंचेगी। टीम गगल हवाई अड्डे से सीधे होटल के लिए रवाना होगी। शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स की टीम अभ्यास सत्र में भाग नहीं लेगी। केवल टीम के कुछ खिलाड़ी वर्कआउट के लिए स्टेडियम में आएंगे।
पंजाब-मुंबई मैच टिकटों की बिक्री शुरू
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में 14 मई को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले आईपीएल मुकाबले के लिए टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शुरू हो गई है। टिकट बुकिंग शुरू होते ही क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे जैसे ही ऑनलाइन टिकट विंडो खुली, वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक उमड़ पड़ा और लोगों को टिकट लेने के लिए कई-कई मिनट तक वेटिंग लाइन में रहना पड़ा। पंजाब-मुंबई के बीच होने वाले मैच के लिए अभी आठ स्टैंडों की ही बुकिंग शुरू की गई है। इसमें सबसे सस्ता टिकट 2,500 रुपये रखा गया है, हालांकि इस श्रेणी में फिलहाल केवल एक ही स्टैंड उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा 2,750 रुपये के चार स्टैंडों की टिकटें बिक्री के लिए खोली गई हैं। वहीं 3,000 रुपये श्रेणी के दो अन्य स्टैंड भी उपलब्ध हैं। इसके अलावा प्रीमियम श्रेणी में पवेलियन टैरेस का टिकट 15 हजार रुपये रखा गया है, जबकि क्लब लॉज के टिकट 20 हजार रुपये में बिक रहे हैं। टिकटों की कीमतों और सीमित स्टैंड उपलब्ध होने के बावजूद क्रिकेट प्रशंसकों में मुकाबले को लेकर भारी उत्साह बना हुआ है। इस बार इस मैच के टिकटों की कीमतों में पिछले साल की तुलना में 1000 रुपये 5,000 रुपये तक इजाफा हुआ है। इस बार धर्मशाला में होने वाले आईपीएल मैच की टीम केवल ऑनलाइन ही बुक होंगी। वहीं दर्शकों को एंट्री के लिए ई टिकट ही मोबाइल पर मिलेगा।