गगल (कांगड़ा)। क्षेत्र में बढ़ रही पक्षियों की संख्या को लेकर बुधवार को गगल एयरपोर्ट में हवाई अड्डा पर्यावरण समिति की बैठक का आयोजन किया गया।
एसडीएम कांगड़ा नवीन तंवर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में एयरपोर्ट प्रशासन ने चिंता जताते हुए पंचायत प्रधानों और प्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र में कूड़ा कचरा फेंकने वाले लोगों को जागरूक करने की अपील की। वहीं, उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि खुले में मांस का कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए और एयरपोर्ट के साथ लगते 10 किलोमीटर के क्षेत्र में खुले में कचरा फेंकने पर प्रतिबंध लगाया जाए।
पर्यावरण तथा समिति के संयोजक और एयरपोर्ट निदेशक धीरेंद्र सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक शैलेश सिंह और हवाई यातायात प्रभारी अमित सकलानी ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि एयरपोर्ट से 10 किलोमीटर की दूरी पर कूड़ा कचरा निष्पादन की व्यवस्था की जाए। उन्होंने बताया कि एसडीएम कांगड़ा ने इस बारे में शीघ्र उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।