धर्मशाला। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कांगड़ा स्थित धर्मशाला ने हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला के तत्वावधान में कांगड़ा जिला में साथी समिति का गठन किया गया है। जिसका शुभारंभ इकाई की अध्यक्ष शिखा लखनपाल ने किया। इस समिति में जिला बाल संरक्षण अधिकारी कांगड़ा स्थित धर्मशाला, जिला कांगड़ा के सभी तहसीलदार, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा धर्मशाला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा, जिला कार्यक्रम अधिकारी कांगड़ा स्थित धर्मशाला, विशेष पुलिस किशोर इकाई के सदस्य, बाल देखभाल संस्था के प्रभारी, कानूनी सेवा पैनल अधिवक्ता और पैरा लीगल वालंटियर शामिल हैं।
इन के लिए शनिवार को एडीआर हाॅल में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिखा लखनपाल ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण ने इस अभियान की शुरूआत बेसहारा बच्चों को सामाजिक कल्याण तक पहुंच की सुविधा और कानूनी पहचान प्रदान करने के लिए की है। इस अभियान का उद्देश्य देखभाल गृहों, आश्रय गृहों, अनाथालयों, बाल देखभाल संस्थानों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सहायता से बेसहारा बच्चों का मानचित्रण करना है। आधार पंजीकरण सुविधा यूआईडीएआई, बाल कल्याण समितियों और जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर ऐसे बच्चों के बायोमीट्रिक नामांकन और आधार कार्ड बनाना सुनिश्चित किया जाएगा। इस अभियान के अनुसार यह समिति 26 मई से 26 जून, 2025 तक संबंधित बच्चों की पहचान करेगी। जिनके पास आधार कार्ड नहीं हैं और 27 जून से पांच अगस्त, 2025 तक उन बच्चों के आधार कार्ड बनाने में मदद करेगी।