धर्मशाला। ‘मेरा कचरा, मेरी जिम्मेदारी’ थीम पर धर्मशाला में स्वच्छ शहर, समृद्ध शहर अभियान की शुरुआत हुई। 60 दिन तक शहर के सभी वार्डों में यह अभियान चलेगा। इस दौरान लोगों घरों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से ही कूड़े के सही निष्पादन और उसके उचित संकलन को लेकर जागरूक किया जाएगा। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने अभियान का शुभारंभ करने के बाद कहा कि अभियान के तहत स्वच्छता मित्रों और नगर निगम की टीम लोगों को जागरूक करने के लिए सभी घरों में जाएगी।
कूड़े के सही प्रबंधन की जिम्मेदारी जितनी नगर निगम की है, उतनी ही सबकी है। अभियान के तहत आम जनमानस, गैर सरकारी संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों, होटल संचालकों और व्यापार मंडलों का सहयोग भी लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के साथ शहर के सभी वार्डों में समाधान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान पार्षद और नगर निगम के अधिकारी वार्डों का दौरा कर लोगों की समस्याओं को सुनेंगे और मौके पर उनका समाधान सुनिश्चित करेंगे। कार्यक्रम में नगर निगम के आयुक्त जफर इकबाल, महापौर नीनू शर्मा, उप महापौर तेजेंद्र कौर, संयुक्त निदेशक नगर निगम सुरेंद्र कटोच सहित सभी वार्डों के पार्षद, स्वच्छता मित्र, होटल कारोबारी और व्यापार मंडल धर्मशाला के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।