पंचरुखी (कांगड़ा)। क्षेत्र की ग्राम पंचायत दियोग्रां में मंगलवार रात को एक व्यक्ति की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वहीं, युवक की मौत पर श्मशानघाट पर गुस्साए सुसराल वालों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार दियोग्रां निवासी कल्याण मोहन (44) पुत्र योगेंद्र मोहन का शव सुबह घर के अंदर संदिग्धावस्था में मृत पाया गया। मृतक की पत्नी ने बताया कि वह सुबह चाय देने गई तो पति को मृत पाया। पत्नी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके पति दियोग्रां में दुकान करते थे और रात को गांव के एक युवक से कहासुनी हुई थी और स्थानीय लोगों ने उनको छुड़ा कर मामला शांत करवा कर अपने-अपने घर भेजा था, लेकिन बुधवार सुबह कल्याण मोहन अपने बिस्तर पर मृतक पाया गया, जबकि मंगलवार रात को जिस युवक से मृतक की कहासुनी हुई थी, पुलिस ने उस युवक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, बुधवार को मृतक के दाह संस्कार में पहुंचे गुस्साए सुसराल पक्ष वालों ने हत्या की आशंका जताई। इस पर पंचायत प्रधान संजीव राणा ने उन्हें शांत करवाया और पुलिस को भी श्मशानघाट पर बुला लिया। श्मशानघाट पर पहुंची पुलिस ने सारी कार्रवाई सुसराल वालों को दिखाई। उधर, पंचरुखी पुलिस थाना के प्रभारी त्रिलोचन सिंह ने बताया कि पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मृतक के शरीर पर कोई निशान नहीं थे। पुलिस ने मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।