Jairam Thakur: नेता प्रतिपक्ष बोले- हिमाचल में जिस अखबार की कॉपी नहीं बिकती, उस दे दिया करोड़ों का विज्ञापन
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि भारत का अग्रदूत माने जाने वाला यह अखबार नेहरू परिवार और कांग्रेस की अगुवाई में भ्रष्टाचार का अग्रदूत बनकर रह गया। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस और क्रप्शन दोनों एक दूसरे के पर्यायवाची हैं। जब भी राष्ट्रीय जांच एजेंसियों ने इनके किये घोटालों की परतें खोलना शुरू किया तो कांग्रेस दबाब की राजनीति कर इन एजेंसियों को डराने और धमकाने का प्रयास करती है। मंडी में प्रेसवार्ता के दौरान जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने नेशनल हेराल्ड अखबार की नींव आजादी से पूर्व वर्ष 1938 में ही रख दी थी। जिसके पहले संपादक पंडित जवाहर लाल नेहरू थे। इसके बाद एसोसिएट जनरल लिमिटेड के प्रकाशन समूह की ओर से नेशनल हेराल्ड के अलावा हिंदी में नवजीवन और उर्दू में कौमी आवाज नामक अखबार निकाले जाते थे।
उन्होंने कहा कि भारत का अग्रदूत माने जाने वाला यह अखबार नेहरू परिवार और कांग्रेस की अगुवाई में भ्रष्टाचार का अग्रदूत बनकर रह गया। उन्होंने कहा कि नेहरू के बाद इंदिरा और फिरोज गांधी ने नेशनल हेराल्ड अखबार की कमान संभाली। तत्तपश्चात राजीव गांधी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने करीब दो हजार करोड़ की यह संपति हासिल की। जिसको लेकर यूपीए की सरकार के दौरान सुब्रम्णयम स्वामी की ओर से 2012 में पटियाला हाउस कोर्ट में मामला दर्ज किया गया था। जिसमें सोनिया गांधी और राहुल गांधी को आरोपी बनाया गया था।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के मुख्यमंत्री मामले को समझने की कोशिश नहीं कर रहे हैं और न ही वे किसी मामले को समझने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा कि नेशनल हेराल्ड हमारा अखबार है, हम चाहे जितना विज्ञापन दे सकते हैं। जयराम ने कहा कि प्रदेश का गरीब आदमी गहने बेच कर अपना इलाज करवा रहा है, हिमकेयर योजना के माध्यम से गरीबों का उपचार नहीं हो रहा है जबिक सरकार नेशनल हेराल्ड जैसी कांग्रेस और नेहरू परिवार की अखबार को करोड़ों रूपए के विज्ञापन दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का यह पैसा दान देने के लिए नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में इस देश की जनता के पैसों को लूटने मानसिकता आजादी के पूर्व थी और वो आज भी है। उन्होंने कहा कि बीते दस वर्षों से देश की जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया है, जिससे लूट का यह दौर समाप्त हुआ है। अब जब जांच एजेंसी अपना काम कर रही है, तो कांग्रेस देश व्यापी धरना प्रदर्शन करने में लगी हुई है। इस अवसर पर बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी और द्रंग के विधायक पूर्ण ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य, जिला भाजपा अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, पूर्व अध्यक्ष रणवीर सिंह और मीडिया प्रभारी राकेश वालिया मौजूद रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.