IPL 2025: रिकी पोंटिंग, केविन पीटरसन और जहीर खान भी आएंगे धर्मशाला, पूर्व खिलाड़ियों को बनाया है मेंटर और कोच
IPL 2025:
विस्तार
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में मई में होने वाले आईपीएल मैचों में क्रिकेट प्रेमी क्रिकेट जगत के पूर्व दिग्गजों का भी दीदार कर पाएंगे। आईपीएल के साथ उनके मेंटर और कोच भी धर्मशाला आएंगे। इसमें पंजाब किंग्स टीम के कोच रिकी पोंटिंग के अलावा दिल्ली टीम के मेंटर इंग्लैंड टीम के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन भी धर्मशाला आएंगे। इसके अलावा लखनऊ सुपर जॉयंट्स टीम के मेंटर जहीर खान भी धर्मशाला में होने वाले मैच के दौरान अपनी टीम को टिप्स देते हुए नजर आएंगे।
धर्मशाला स्टेडियम में आईपीएल के तीन मैच प्रस्तावित हैं। जिसमें पहला मैच पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपरजायंट्स के बीच खेला जाएगा। इस मैच में पंजाब के कोच रिकी पोटिंग और लखनऊ के मेंटर जहीर खान अपनी टीमों के खिलाड़ियों की जीत के लिए प्रेरित करते हुए दिखेंगे। जबकि दूसरा मुकाबला आठ मई को पंजाब और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। जबकि 11 मई को पंजाब और मुंबई इंडियन के बीच मुकाबला खेला जाएगा।
मुंबई इंडियन टीम के उनके मुख्य कोच माहेला जयवर्धने और फील्डिंग कोच कार्ल हॉपकिंसन होंगे। ऐसे में क्रिकेट प्रेमी मैचों के दौरान और अभ्यास के दौरान अपने पसंदीदा खिलाड़ियों के अलावा पूर्व में क्रिकेट की दुनिया में अलग छवि रखने वाले पूर्व क्रिकेटरों को डगआउट में बैठकर टीम के खिलाड़ियों को जीत का मंत्र देते हुए देख सकेंगे।
एचपीसीए के सचिव अवनीश परमार ने कहा कि आईपीएल मैचों के दौरान जहां टीमों के खिलाड़ियों के साथ पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों को भी देखे सकेंगे। मैचों के दौरान रिकी पोंटिंग, केविन पीटरसन और जहीर खान के अलावा माहेला जयवर्धने भी धर्मशाला आएंगे। क्रिकेट के पूर्व दिग्गज आईपीएल टीमों में मेंटर और कोच बनाए गए है।