HP Police Constable Bharti: मध्य जोन के 43,875 युवा दिखाएंगे दमखम, पांच जिले चार मैदान; पूरी जानकारी डिटेल में
HP Police Constable Recruitment: हिमाचल प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल भर्ती की प्रक्रिया जिलावार छह फरवरी से शुरू होने जा रही है। सबसे अधिक युवा मंडी जिले से हैं। सबसे कम लाहौल-स्पीति से हैं। कुल 1226 कांस्टेबल पदों के लिए भर्ती की जा रही है। इनमें 818 पुरुष और 351 महिलाओं के पद हैं। 57 ड्राइवर के पद हैं। ड्राइवरों पदों के लिए अभी भर्ती नहीं हो रही है।
विस्तार
हिमाचल के मध्य जोन के 43,875 युवा खाकी पहनने के लिए मैदान में दमखम दिखाएंगे। इनमें 30,227 युवक और 13,648 युवतियां हैं। पुलिस कांस्टेबल भर्ती की प्रक्रिया जिलावार छह फरवरी से शुरू होने जा रही है। यह प्रक्रिया पांच जिलों में 12 मार्च तक पूरी होगी। पांच जिलों की भर्ती प्रक्रिया चार जिलों के मैदानों में पूरी होगी। कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिला की पुलिस कांस्टेबल भर्ती पुलिस लाइन बाशिंग में होगी।
सबसे अधिक युवा मंडी जिले से हैं। सबसे कम लाहौल-स्पीति से हैं। मध्य जोन में भर्ती प्रक्रिया पुलिस भर्ती कमेटी डीआईजी सौम्या सांबशिवन, संबंधित जिला पुलिस कप्तान और बटालियन कमांडेंट की देखरेख में पूरी होगी। मंडी जिले की पुलिस भर्ती प्रक्रिया पंडोह बटालियन मैदान में छह फरवरी से शुरू होगी। यह प्रक्रिया 17 फरवरी तक चलेगी। हर दिन करीब दो हजार युवा मैदान में खाकी पहनने के लिए पसीना बहाएंगे।
बिलासपुर जिले में यह भर्ती लुहणू मैदान में 20 से 25 फरवरी तक चलेगी। हमीरपुर जिले की भर्ती प्रक्रिया अणु स्थित सिंथेटिक ट्रैक में 28 फरवरी से लेकर पांच मार्च तक होगी। कुल्लू जिले में यह प्रक्रिया सात से 11 मार्च तक पुलिस लाइन बाशिंग स्थित मैदान में चलेगी। 12 मार्च को लाहौल-स्पीति जिले के युवा पुलिस लाइन बाशिंग स्थित मैदान में ही भाग लेंगे। कुल 1226 कांस्टेबल पदों के लिए भर्ती की जा रही है। इनमें 818 पुरुष और 351 महिलाओं के पद हैं। 57 ड्राइवर के पद हैं। ड्राइवरों पदों के लिए अभी भर्ती नहीं हो रही है।
| जिले का नाम | पुरुष | महिला |
| मंडी | 14910 | 6883 |
| कुल्लू | 4387 | 2581 |
| बिलासपुर | 4934 | 1977 |
| हमीरपुर | 5668 | 2012 |
| लाहौल-स्पीति | 328 | 195 |