हिमाचल: सोलन के चौक बाजार में चाकू मारकर एक युवक की हत्या, दो घायल, 24 घंटे के भीतर दूसरी वारदात
सोलन के चौक बाजार में दो गुटों में खूनी झड़प में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। घटना सोलन शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्र चौक बाजार की है। देर शाम करीब 8:00 बजे युवकों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के सोलन के चौक बाजार में दो गुटों में खूनी झड़प में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। घटना सोलन शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्र चौक बाजार की है। देर शाम करीब 8:00 बजे युवकों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। पुलिस के अनुसार इसमें मंथन नाम के एक युवक ने अमन नाम के 24 वर्षीय युवक को चाकू मार दिया। इस दौरान मंथन के भी एक उंगली कट गई, वहीं बीच बचाव में आए अंकुश नाम के युवक के भी गंभीर चोटें आई। घायल अवस्था में तीनों युवकों को स्थानीय लोग क्षेत्रीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने अमन को मृत घोषित कर दिया।
मृतक युवक हरियाणा राज्य के कालका का रहने वाला था। वहीं मंथन व अंकुश का क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार करवाया गया। इस दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंची और उन्होंने मंथन व अंकुश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि इनमें पहले भी किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। वहीं शुक्रवार को जब यह आमने-सामने आए तो पुरानी बातों को लेकर फिर से एक बार इनमें खूनी झड़प हो गई।
वहीं घटना के बाद एसपी सोलन टी साई वर्मा और एएसपी सोलन रमेश शर्मा भी क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपी युवकों से पूछताछ की। वहीं उपचार के बाद दोनों आरोपियों को पुलिस सदर थाना ले गई। उधर, एसपी सोलन टी साई वर्मा ने कहा कि जैसे ही पुलिस को घटना की सूचना मिली तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपी युवकों मंथन और अंकुश को गिरफ्तार कर लिया है। युवकों में झगड़ा क्यों हुआ इस बात को लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। शनिवार को उसका पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस शहर में लगातार बढ़ रही, इस तरह की घटनाओं को देखते हुए अब पुलिस गश्त बढ़ाएगी और जहां पर संवेदनशील जगह है, वहां पर पुलिस की तैनाती करेगी।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
सोलन शहर में लंबे समय से ऐसी कोई सनसनी खेज घटना नहीं हुई। क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर शहर में पहले शराब ठेके के सेल्समैन पर बेलचे से ताबड़तोड वार करने की घटना में गंभीर रूप से घायल होने पर उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया जहां आईसीयू में उसका इलाज चल रहा है।मामले में दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके बाद शुक्रवार शाम को शहर में हत्या हो जाना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। साथ ही लोगों में असुरक्षा की भावना भी पैदा करता है।