Himachal News: जॉब ट्रेनी नहीं, एलडीआर कोटे से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की होगी नियमित भर्ती
जेओए आईटी और क्लर्कों की एलडीआर कोटे के तहत भर्तियों को लेकर कार्मिक विभाग ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। सेवारत चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को जेओए आईटी-क्लर्क भर्ती में 20 फीसदी एलडीआर कोटा मिलेगा।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में लिमिटेड डायरेक्ट रिक्रूटमेंट (एलडीआर) कोटे के तहत होने वाली भर्तियां जॉब ट्रेनी स्कीम के दायरे में नहीं आएंगी। इस प्रक्रिया के तहत चतुर्थ श्रेणी कर्मियों की नियमित भर्तियां होंगी। जेओए आईटी और क्लर्कों की एलडीआर कोटे के तहत भर्तियों को लेकर कार्मिक विभाग ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। सेवारत चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को जेओए आईटी-क्लर्क भर्ती में 20 फीसदी एलडीआर कोटा मिलेगा। भर्ती निदेशालय के माध्यम से ही एलडीआर कोटे में जेओए आईटी और क्लर्कों के पद भरे जाएंगे। शनिवार को कार्मिक विभाग ने सभी विभागों, निगमों-बोर्डों में सामूहिक और समान तरीके से भर्ती करने के लिए फैसला लेते हुए पत्र जारी किया है।
कार्मिक विभाग की ओर से सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों और निगम-बोर्डों के प्रबंध निदेशकों को भेजे पत्र में कहा गया कि सरकार ने बहु-विभागीय समान ग्रुप सी पदों की सीधी भर्ती को केंद्रीकृत करने के लिए भर्ती निदेशालय की स्थापना की है। 19 जुलाई 2025 को सरकार की ओर से शुरू की गई जॉब ट्रेनी स्कीम के तहत ग्रुप ए, बी और सी कैडर की सीधी भर्ती वाले पदों को फिक्स्ड मानदेय पर जॉब ट्रेनी के रूप में भरा जाना अनिवार्य किया गया है। 6 अगस्त 2025 को जारी निर्देशों के मुताबिक जेओए (आईटी) के सीधी भर्ती वाले पद अब इसी स्कीम के माध्यम से भरे जाएंगे। इनकी पूरी प्रक्रिया को निदेशालय के माध्यम से ही किया जाएगा।
कार्मिक सचिव ने बताया कि एलडीआर कोटे को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी, जिसे अब सरकार ने साफ कर दिया है। एलडीआर तथा सीधी भर्ती दोनों के नियम व सेवा-शर्तें अलग हैं। नियमानुसार जेओए (आईटी)/क्लर्क पदों की भर्ती में 70 फीसदी पद सीधी भर्ती (अब जॉब ट्रेनी स्कीम के तहत), 20 फीसदी पद लिमिटेड डायरेक्ट रिक्रूटमेंट (एलडीआर) कोटा और 10 फीसदी पद पदोन्नति से भरे जाएंगे।
एलडीआर कोटा केवल नियमित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए निर्धारित है। इससे सीधे नियमित सेवा में नियुक्ति होती है। 70 फीसदी सीधी भर्ती वाले उम्मीदवार जॉब ट्रेनी के रूप में निश्चित मानदेय पर कार्य करते हैं और प्रशिक्षण अवधि पूरी होने के बाद ही नियमित होते हैं। ऐसे में एलडीआर कोटे के पदों को जॉब ट्रेनी स्कीम में शामिल करना नियमों के विपरीत होगा।
इसके लिए फैसला लिया गया है कि अब सभी विभाग एलडीआर कोटे की भर्ती एक ही माध्यम से करेंगे। जेओए (आईटी)/क्लर्क के भर्ती एवं पदोन्नति नियम सभी विभागों में समान हैं, इसलिए सरकार ने निर्णय लिया है कि सभी विभाग 20 फीसदी एलडीआर कोटे के लिए अपने रिक्त पदों का प्रस्ताव भर्ती निदेशालय को भेजेंगे।
राज्य चयन आयोग हमीरपुर स्पेशल एजुकेटर और जूनियर ऑफिस असिस्टेंट समेत 271 पदों पर भर्तियां करने जा रहा है। योग्यता पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को 3 दिसंबर से 8 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। 191 पदों पर सीधी, 80 पदों पर जॉब ट्रेनी और ट्रेनी आधार पर भर्ती होगी। नियमित आधार पर स्पेशल एजुकेटर (प्री-प्राइमरी से पांचवीं कक्षा) के 108 पद, पोस्ट कोड 25023 में स्पेशल एजुकेटर (छठी से आठवीं कक्षा) के 83 पद भरे जाएंगे।
इसके अलावा स्कूल निदेशालय में पोस्ट कोड 25024 के तहत जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (लाइब्रेरी) के जॉब ट्रेनी के तौर पर 78 पद भरे जाएंगे। तकनीकी शिक्षा, वोकेशनल और इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग विभाग में स्टेनो टाइपिस्ट का एक पद ट्रेनी आधार पर भरा जाएगा। साइंटिफिक असिस्टेंट (डिजिटल फोरेंसिक) का एक पद जॉब ट्रेनी के तौर पर भरा जाएगा। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि अभ्यर्थी पदों की विस्तृत जानकारी, योग्यता की शर्तें, चयन का तरीका सहित अन्य शर्तें व दिशा-निर्देश चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://hprca.hp.gov.in. पर देख सकते हैं। इन पदों के लिए आयु सीमा से 18 और 45 साल है।