Himachal News: तीन शैक्षणिक सत्र के मेधावियों को वाउचर देकर सम्मानित करेगी सरकार, निजी स्कूलों को किया बाहर
11 दिसंबर को मंडी में होने वाले कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश सरकार के कार्यक्रम में तीन वर्षों की मेरिट लिस्ट के करीब दस हजार टॉपर छात्रों को वाउचर वितरित किए जाएंगे। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
हिमाचल प्रदेश सरकार 11 दिसंबर को मंडी में होने वाले कार्यक्रम में तीन शैक्षणिक सत्रों 2023, 2024 और 2025 के मेधावी विद्यार्थियों को एक साथ सम्मानित करेगी। यह पहली बार है, जब सरकार एक ही मंच से तीन वर्षों की मेरिट लिस्ट के करीब दस हजार टॉपर छात्रों को वाउचर वितरित करेगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू खुद हर जिले से चुने गए दो-दो मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर सम्मानित करेंगे। इन विद्यार्थियों में दसवीं और बारहवीं कक्षा के वे विद्यार्थी शामिल हैं, जिन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मेरिट सूची में स्थान बनाया है।
इलेक्ट्रानिक गैजेट खरीदने को मिलेंगे कूपन
योजना के तहत दसवीं और बारहवीं कक्षा के राज्य स्तरीय टॉपर विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स खरीदने के लिए कूपन दिए जाएंगे। इनमें अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के मेधावियों को प्राथमिकता दी जाएगी। मेधावियों को 16-16 हजार रुपये के कूपन दिए जाएंगे। अधिक कीमत के गैजेट्स खरीदने की भी इन्हें छूट रहेगी। पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों को खरीद करने के लिए आवेदन करना होगा। चयनित कंपनियां स्वयं खुद कोरियर के माध्यम से सामान को घर छोड़कर जाएंगी।