हिमाचल: हर्षवर्धन बोले- बल्क ड्रग पार्क का 65 फीसदी काम पूरा, केंद्रीय मंत्रालय को सरकार सौंपेगी रिपोर्ट
बिजली का काम 90 फीसदी काम को सिरे चढ़ाया गया जबकि 233 केवी का ट्रांसफार्मर लगाने का काम लगभग पूरा कर लिया गया है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के हरोली में निर्माणाधीन बल्क ड्रग पार्क का निर्माण कार्य 65 फीसदी पूरा हो चुका है। बिजली का काम 90 फीसदी काम को सिरे चढ़ाया गया जबकि 233 केवी का ट्रांसफार्मर लगाने का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। बल्क ड्रग पार्क के लिए पानी की पाइप लाइन के कार्यों और लैंड डेवलपमेंट के कार्य को निपटाने पर विभाग की तरफ से जोर दिया जा रहा है। बुधवार को सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय समिति की रिव्यू बैठक में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने अब तक बल्क ड्रग पार्क में चल रहे कार्यों का फीडबैक लिया। अब रिपोर्ट केंद्रीय मंत्रालय को भेजी जाएगी।
उद्योग मंत्री ने अधिकारियों से बल्क ड्रग पार्क से संबंधित सभी टेंडरों दी औपचारिकताओं को जल्द पूरा कर धरातल पर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि बल्क ड्रग पार्क हिमाचल में दवा निर्माण उद्योग को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। इससे प्रदेश में फार्मास्युटिकल क्षेत्र को मजबूत करने के साथ निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार होगा। सरकार का प्रयास है कि देश की प्रमुख दवा कंपनियां पार्क में निवेश के लिए आगे आएं। इससे हिमाचल के 35 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान होंगे। बैठक में प्रधान सचिव उद्योग विभाग एम सुधा देवी, विशेष सचिव वित्त विजयवर्धन, अतिरिक्त निदेशक उद्योग तिलक राज शर्मा, एचपीएसआईडीसी प्रबंध निदेशक भूपेंद्र अत्री, केंद्र सरकार के फार्मास्युटिकल्स विभाग के प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहें।
फार्मा कंपनियों के साथ होगा वार्तालाप
चौहान ने कहा कि बल्क ड्रग पार्क में निवेश की संभावनाओं को लेकर जल्द ही प्रमुख दवा निर्माण कंपनियों के साथ चर्चा की जाएगी। कंपनियों को परियोजना की सुविधाओं और निवेश की संभावनाओं से अवगत करवाकर यहां औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास होगा। इससे प्रदेश में निवेश आने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है।