भोरंज (हमीरपुर)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई भोरंज ने प्रधानाचार्य के माध्यम से प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति को महाविद्यालय की समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन भेजा। परिषद ने मांग की है कि जल्द से जल्द यूजी और पीजी के आधे-अधूरे परीक्षा परिणाम को घोषित किया जाए।
साथ ही कोविड-19 के कारण जो छात्र परीक्षा फार्म भरने में असमर्थ रहे हैं, उनको एक मौका मिले। महाविद्यालय में शिक्षकों और गैर शिक्षकों के खाली पड़े पदों को भरा जाए और बस की सुविधा को जल्द शुरू करवाया जाए। महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं को आई कार्ड प्रदान किए जाएं और कैंटीन को सुचारु किया जाए। महाविद्यालय की चारदीवारी को गेट लगाया जाए। इस मौके पर विकास रांगड़ा, सुचित्रा, किरण, सचिन, ईशा आदि उपस्थित रहे। परिषद ने कहा कि अगर मांगें जल्द पूरी नहीं होती हैं तो आने वाले समय में विद्यार्थी परिषद संघर्ष का रास्ता अपनाएगी।