हमीरपुर। जिले में शनिवार को 32 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इन सभी की पुष्टि रैपिड एंटीजन टेस्ट में हुई है। वहीं, आरटीपीसीआर के सभी सैंपल निगेटिव निकले हैं। वहीं, कोरोना संक्रमण से जिले में दो लोगों की मौत भी हुई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्निहोत्री ने बताया कि जिले में शनिवार को रैपिड एंटीजन टेस्ट के लिए कुल 1005 सैंपल लिए गए। इनमें 32 पॉजिटिव निकले हैं। इन 32 में मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के दो एमबीबीएस प्रशिक्षुओं और राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर के स्टाफ के परिवार की एक महिला की रिपोर्ट भी पॉजिटिव पाई गई है।
वहीं, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में उपचाराधीन दो कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई है। यह दोनों मरीज जिला बिलासपुर की तहसील घुमारवीं के रहने वाले थे। इनमें 70 वर्षीय महिला जो 20 सितंबर को रैपिड एंटीजन टेस्ट में संक्रमित पाई गई थी, उसकी मौत शुक्रवार रात को हो गई। वहीं, टकरेड़ा बरोटा के 83 वर्षीय वृद्ध 24 सितंबर को रैपिड एंटीजन टेस्ट में संक्रमित पाए गए थे। शाम को उनकी भी मौत हो गई। हालांकि, दोनों मृतकों को कोरोना रोधी वैक्सीन की दोनों डोज लगी थीं। इसी के साथ जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 16153 हो गई है, जबकि 274 ने अपनी जान इस महामारी के कारण गंवा दी है।