हमीरपुर। टौणीदेवी में वन पैरा स्पेशल फोर्स के शहीदों के बलिदान दिवस पर वीरवार को 11 किलोमीटर की क्राॅस कंट्री दौड़ स्पर्धा करवाई गई। इस दौड़ के जरिये बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी गई। इस क्राॅस कंट्री का आयोजन पूर्व सैनिक राजेश ठाकुर और उनकी टीम की ओर से किया गया। इसमें वन पैरा के पूर्व सैनिकों, हिमाचल प्रदेश के विभिन्न रेजिमेंटों के पूर्व सैनिकों और कई राज्यों से आए धावकों ने भाग लिया। इस मौके पर वन पैरा स्पेशल फोर्स के अधिकारियों ने यादें भी साझा कीं।
वन पैरा फोर्स के मेजर मोहित शर्मा (अशोक चक्र, सेना मेडल) ने बताया कि उन्होंने अपने ब्रावो दस्ते के साथ कुपवाड़ा के घने हफरुदा जंगल में आतंकवादियों के खिलाफ एक खतरनाक ऑपरेशन किया। इसमें 17 आतंकवादी मारे गए और हमारे पैरा स्पेशल फोर्स के बहादुर जवानों ने भी देश की सुरक्षा के लिए अपनी शहादत दी थी। यह क्राॅस कंट्री शहीद अनिल कुमार सेना मेडल के गृहक्षेत्र टौणीदेवी में आयोजित हुई। क्राॅस कंट्री में 250 के करीब धावक शामिल हुए। पुरुष वर्ग में रमेश कुमार प्रथम, नगेंदर पाल द्वितीय और आदित्य तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में पहला स्थान ज्योति बाला, शिवाली ने द्वितीय, रिचा शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया। धावकों को इनाम राशि और मेडल दिए गए तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। एनसीसी एनआईटी हमीरपुर के कैडेट ने श्रद्धांजलि सभा में शानदार ड्रिल का परिचय देते हुए बलिदान दिवस पर अपनी उपस्थित दर्ज की। पूर्व सैनिक राजेश ठाकुर ने कहा कि श्रद्धांजलि सभा में कप्तान गंगा राम सेना मेडल, सूबेदार मेजर सुरेश शर्मा, ओंकार शर्मा, सूबेदार वीरेंद्र कुमार, बलबीर सिंह, बलवंत सिंह, हवलदार विपिन कुमार, कमलेश कुमार, राजेश कुमार शर्मा तथा शहीद अनिल कुमार के दोनों भाई रितेश और विनीत कुमार रीत ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कमांडिंग ऑफिसर वन पैरा स्पेशल फोर्स कर्नल कृष्ण सिंह रावत (शौर्य चक्र, सेना मेडल) ने इस आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया है।