हमीरपुर। शिक्षा खंड हमीरपुर की पाठशाला प्रबंधन समितियों के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) हमीरपुर में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन शुक्रवार को किया गया। हमीरपुर खंड के स्रोत समन्वयक दिनेश कुमार ठाकुर ने बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर में 54 विद्यालयों की स्कूल प्रबंधन समितियों के सदस्यों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। खंड परियोजना अधिकारी नीना ठाकुर ने प्रशिक्षण का शुभारंभ किया। उन्होंने आह्वान किया कि सभी अपने-अपने विद्यालयों के विकास में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और स्कूल प्रशासन का भरपूर सहयोग करें।
जिला संयोजक स्कूल प्रबंधक समिति एवं प्रवक्ता जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान गौना करौर सुनील कुमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रतिभागियों के समक्ष रखी। इसके अलावा उन्होंने भारत सरकार की ओर से चलाए जा रहे विद्यांजलि कार्यक्रम के बारे में भी बताया। सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य बलबीर सिंह जंवाल व सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य धर्मपाल ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया। शिविर में स्कूल प्रबंधन समितियों के सदस्यों को स्कूल के विकास में उनकी भूमिका, कर्तव्यों, अधिकारों, दायित्वों, पोक्सो अधिनियम, शिक्षा का अधिकार, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 आदि विषयों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा हमीरपुर संजय कुमार ठाकुर व खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी मदन लाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।