टौणी देवी स्कूल की प्रार्थना सभा में कीं योग क्रियाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
टौणी देवी (हमीरपुर)। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी में वीरवार को योग शिविर लगाया गया। इसमें विद्यार्थियों, स्टाफ सदस्यों ने विभिन्न योगासन एवं अन्य क्रियाएं की। प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने कहा कि योग आज लाखों लोगों के जीवन का एक अनिवार्य हिस्सा है। यह अपने आप को फिट रखने, ध्यान और अच्छे जीवन के लिए लाभकारी है। इस दौरान शारीरिक प्रवक्ता संजय कुमार ने विद्यार्थियों को अपनी लंबाई बढ़ाने के लिए भी योग अपनाने का आह्वान किया। कहा कि अगर आप प्राकृतिक तरीके से अपनी लंबाई बढ़ाना चाहते हैं तो ताड़ासन का नियमित अभ्यास करें और इसके लिए अपनी दोनों एडी और पंजे पर थोड़े सा गैप देकर खड़े हों। दोनों हाथ कमर की सीध से ऊपर की ओर रखें और हथेलियों को मिलाएं। दोनों हाथों की अंगुलियां भी आपस में मिली होनी चाहिए। इस दौरान कमर सीधी रखें और नजरें सामने और गर्दन सीधी रखें। दोनों एडियां ऊपर की तरफ उठती हैं और शरीर का पूरा भार पंजो पर डाल दें। अपने हाथ-पैरों को उठाते हुए पेट को अंदर करें, इससे आपका संतुलन खराब नहीं होगा। इस आसन का अभ्यास करना आसान और सरल है, परंतु इसके बहुत सारे स्वास्थ्य लाभ हैं। इसके अभ्यास से अधिक सतर्क, शांत और रचनाशील होने के साथ ही यह एकाग्रता में सुधार करने के लिए प्रभावी है।