{"_id":"56f929dc4f1c1b2d74f0024d","slug":"severage-lines-blocked-filth-all-around-the-streets","type":"story","status":"publish","title_hn":"सीवरेज लाइन अवरुद्ध, सड़कों पर बह रही गंदगी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सीवरेज लाइन अवरुद्ध, सड़कों पर बह रही गंदगी
ब्यूरो/अमर उजाला, हमीरपुर
Updated Mon, 28 Mar 2016 10:50 PM IST
विज्ञापन
गंदगी
- फोटो : amar ujala
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नगर परिषद हमीरपुर के वार्ड-8 में सीवरेज पाइप लाइन हर दूसरे दिन अवरुद्ध हो जाती है। इसके चलते सीवरेज की गंदगी खुले में बह रही है। सड़कों पर बह रही गंदगी से राहगीरों को परेशानी हो रही है जबकि बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। वार्ड के लोगों की मानें तो वे सालों से नारकीय जीवन जी रहे हैं।
विज्ञापन
उन्हें तो वहां रहने की आदत पड़ चुकी है, लेकिन कोई रिश्तेदार बाहर से आए तो उनका पांच मिनट रुकना भी दूभर हो जाता है। लोगों का आरोप है कि समस्या के बारे में संबंधित विभाग और नप नुमाइंदों को कई बार बताया जा चुका है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। बीते 15 साल से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर काटने के बावजूद महज कोरे आश्वासन मिल रहे हैं। लोगों का आरोप है कि शहर में पेयजल आपूर्ति का समय निर्धारित नहीं है।
विज्ञापन
पेयजल आपूर्ति शाम के समय होती है। इस समय अधिकतर परिवार काम से बाहर होते हैं। सुबह जब वार्ड के लोग उठते हैं तो नलों में पानी नहीं होता। लोगों की दिनचर्या खराब होती है। ‘अमर उजाला’ ने ‘आपकी आवाज’ कार्यक्रम का आयोजन कर वार्ड-8 के बाशिंदों की समस्याओं को एक मंच देते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष उठाया। हमीरपुर नप के जंजघर खुंड्डी में सोमवार को इस कार्यक्रम की अध्यक्षता नवनिर्वाचित नप अध्यक्ष सुलोचना देवी, उपाध्यक्ष दीप कुमार बजाज और पार्षद रीता शर्मा ने की।
विज्ञापन
इस मौके पर बिजली बोर्ड, आईपीएच विभाग, लोनिवि एवं नप के अधिकारी विशेष तौर पर उपस्थित रहे। सुबह साढ़े ग्यारह बजे शुरू यह कार्यक्रम करीब एक बजे तक चला। इसमें पानी, बिजली, नाले का चैनलाइजेशन, सीवरेज कनेक्शन आदि समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। स्थानीय वार्ड के पार्षद एवं उपाध्यक्ष दीप कुमार बजाज ने लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया।
वार्ड-8 में समस्याओं से जीना दूभर
सीवरेज : सीवरेज कनेक्शन की समस्या गंभीर है। वार्ड में कई जगह सीवरेज कनेक्शन लीक है। खुले में गंदगी फैली रहती है।
पेयजल : वार्ड में पेयजल आपूर्ति सिर्फ शाम के समय हो रही है। इससे वार्ड के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली : वार्ड में अकसर बिजली की समस्या रहती है। तूफान से बिजली बंद होने के बाद इसे ठीक करने में कर्मचारी काफी समय लगा देते हैं।
चैनलाइजेशन : नाले का चैनलाइजेशन का कार्य बीते कई सालों से अधर में लटका है। बजट के अभाव में आगे का कार्य शुरू नहीं हो पा रहा।
पार्क : वार्ड में पार्क का अभाव है। पार्क न होने से बच्चे गलियों और सड़कों में खेल रहे हैं। दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
पेड़ : मुख्य सड़क मार्ग में दरख्त हादसों को न्योता दे रहे हैं। वन विभाग को कई बार अवगत करवाया गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
अतिक्रमण : अधिकतर लोगों ने रास्तों और गलियों में अतिक्रमण कर रखा है। इससे सड़क और गलियां पक्की नहीं हो पा रही है।
रास्तों की ढलान : कई जगह रास्तों की ढलान बहुत ज्यादा है। नप ने वहां टाइलें बिछाई हैं। बरसात में फिसलन होने पर कई बार लोग चोटिल हो चुके हैं।
क्या कहते हैं लोग
वार्ड में सीवरेज की समस्या है। आईपीएच और नप को परेशानी बताने के बावजूद समाधान नहीं हो पा रहा है। विभाग जल्द से जल्द समस्या का समाधान करे।
- अनिल कुमार
हर दूसरे दिन सीवरेज लाइनें अवरुद्ध हो जाती है। इससे गंदगी रास्तों पर बहती है। ऐसे में स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवाजाही में दिक्कत होती है।
- वीके गुप्ता
बीते 15 सालों से सीवरेज पाइप लाइन की हालत खराब है। विभाग को समस्या कई बार बताई गई है, लेकिन विभाग महज कोरे आश्वासन ही देता आया है।
- हेमराज
पानी की निकासी की व्यवस्था सही नहीं है। इससे पानी लोगों के घरों में घुस रहा है। बरसात के मौसम में लोगों को अधिक परेशानी होती है।
- सुशील कानगो
अधिकतर भवन मालिकों से पानी का कमर्शियल बिल वसूला जा रहा है। वार्ड में सीवरेज लाइन की हालत भी खराब है। इसे शहर की मुख्य सीवरेज लाइन से जोड़ा जाए।
- धर्म सिंह राणा
वार्ड में सीवरेज लाइन सप्ताह में दो बार अवरुद्ध हो जाती है। गंदगी खुले नाले में बह रही है। वार्ड में बीमारियों के फैलने का अंदेशा बना हुआ है।
- केके खन्ना
वार्ड में सफाई व्यवस्था रामभरोसे है। एक सफाई कर्मचारी सप्ताह में एक बार सफाई के लिए आता है। वार्ड में सफाई व्यवस्था को सुचारु किया जाए।
- धर्मपाल शर्मा
बस अड्डा से पूरी गंदगी वार्ड में आती है। इससे वार्ड के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। निकासी नालियों की हालत भी काफी खराब है।
- हंसराज
ढलान वाले रास्तों पर लॉकिंग टाइलें बिछाई गई हैं। बरसात के दिनों में और रेत आदि गिरने से लोग रास्ते पर चलते हुए चोटिल हो रहे हैं। समस्या का समाधान किया जाए।
- देसराज शर्मा
क्या कहते हैं अधिकारी
वार्ड में लोगों की बिजली समस्या का जल्द समाधान करवा दिया जाएगा। पुरानी सर्विस वायर को भी जल्द बदला जाएगा।
नरेश वर्मा, जेई, बिजली बोर्ड, हमीरपुर
वार्ड में पेयजल सप्लाई की समस्या का जल्द समाधान करवा दिया जाएगा। वार्ड में सुबह के समय सप्लाई देने का प्रयास किया जाएगा।
संजय कटवाल, जेई, आईपीएच, हमीरपुर
सड़क मार्ग की दशा को जल्द सुधार दिया जाएगा। सड़क किनारे पेड़ काटने के बारे में वन विभाग को लिखा जाएगा।
संदीप गौतम, जेई, लोनिवि, हमीरपुर
जमीन विवाद के कारण सीवरेज का कार्य रुका हुआ है। सीवरेज लाइन के लिए जमीन उपलब्ध होगी तो एकदम समस्या हल हो सकती है। सफाई और रास्तों का उचित रख रखाव किया जाएगा।
- विनोद शर्मा, ईओ, नगर परिषद, हमीरपुर