हमीरपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से शुक्रवार को गांधी चौक हमीरपुर में अखंड भारत संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रांत प्रचारक संजय कुमार, हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर के कुलपति प्रो. शशि कुमार धीमान विशेष तौर पर उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में प्रो. शशि कुमार ने कहा कि देश को विकसित देशों की श्रेणी में खड़ा करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। देश को एकसूत्र में पिरोने का प्रयास करना चाहिए। देश को तोड़ने वाली बाहरी शक्तियों से खुद और अपने आसपास के लोगों को बचाना होगा। कुछ लोग गलत राजनीति का शिकार होकर देश को तोड़ने की साजिशें रचते हैं, ऐसे लोगों से बचना चाहिए। संघ प्रचारक ने राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हम सब लोगों को मिलजुल कर रहना चाहिए। देश सर्वोपरि है और हमेशा रहेगा। इस मौके पर सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।