फोरलेन के कार्य के चलते किसानों को झेलनी पड़ रही दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के गांव सनाही की ग्राम समिति ने बुधवार को एसडीएम नादौन को भारतीय किसान संघ जिला अध्यक्ष देशराज शर्मा की अध्यक्षता में ज्ञापन सौंपा। समिति के सचिव विपिन कुमार ने कहा कि सनाही कलां व कोहलवी गांव के बीच फोरलेन के कार्य के चलते उनका गांव एक ओर रह गया है, जबकि उनकी कृषि योग्य भूमि फोरलेन के दूसरे छोर पर चली गई है। गांववासियों का रास्ता दोनों तरफ से बंद हो गया है। किसानों को पशुओं का चारा लाने, श्मशानघाट के मार्ग पर जाने तथा झरेड़ी से जोलसप्पड़ लिंक रोड के अवरूद्ध हो जाने से समस्या का सामना करना पड़ रहा है। विपिन कुमार, सुरेश कुमार, विपिन चौधरी, सुदर्शन सिंह आदि ने कहा कि मौजूदा सड़क झरेड़ी से जोलसप्पड़ पर लिंक या ओवर ब्रिज का निर्माण किया जाए। साथ ही सनाही, अटियालु, कोहलवी, सनाही खुर्द के गांववासियों व किसानों के लिए खेतीबाड़ी, पशुचारा लाने व ट्रैक्टर योग्य संपर्क मार्ग बनाना अति आवश्यक है, ताकि किसानों को अपनी दिनचर्या में किसी तरह की मुश्किल का सामना न करना पड़े।