हमीरपुर। जिलाभर में पुलवामा हमले की बरसी पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान रैलियों और श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। लोगों और युवाओं ने देश के शहीद अमर रहे आदि नारे लगाकर शहीदों को याद किया। इसी कड़ी में एसएफआई, एनएसयूआई और एबीवीपी ने जिलाभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम और रैलियां आयोजित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। वहीं, बड़सर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने पुलवामा में शहीद सैनिकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
हिमाचली गायक प्यार चंद की ओर से गाए गाने पुलवामा श्रद्धांजलि का भी विमोचन किया। जिसके रचनाकार संजीव महाजन, निर्देशक परमजीत पम्मी, वीडियो सनी तथा कंपोजर मोहन दत्त शर्मा हैं। राजकीय महाविद्यालय बड़सर, इंद्रपाल चौक नादौन, एबीवीपी नादौन इकाई ने तिरंगा यात्रा निकाली। इसके अलावा बिझड़ी के कुआं चौक, ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल हमीरपुर, ब्लू स्टार स्कूल हमीरपुर, भगवती पब्लिक स्कूल जलाड़ी सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों और क्षेत्रों में पुलवामा शहीदों को नमन किया गया। इस दौरान भारत माता की जय, पुलवामा शहीद अमर रहें, आतंकवाद मुर्दाबाद आदि के नारे लगाए गए। शहीदों को याद करते हुए उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए गए।