गलोड़ (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र नादौन के अंतर्गत बूथ नंबर 83 पर मतदाताओं ने मतदान केंद्र को शिफ्ट करने का विरोध जताया है। भारत निर्वाचन विभाग की ओर से इस बार बढ़ेडा में स्थित मतदान केंद्र को शिफ्ट करके जामन बाहल गांव के सामुदायिक भवन कमरा नंबर दो में शिफ्ट कर दिया है। ऐसे में ग्रामीणों ने मतदान केंद्र को शिफ्ट करने पर विभाग के प्रति नाराजगी जाहिर की है। ग्रामीणों अर्जुन सिंह, राजीव, आदित्य, सौरभ, संदीप, सुरेंद्र,नरेंद, विक्रम जागीर, कपिल देव, संदीप कालिया, उर्मिला देवी, अनिल कुमार, सोमन, चंचल, प्रकाश, जोशी रसील सिंह धर्म सिंह आदि ने कहा कि मतदाताओं की राय के बिना विभाग ने मतदान केंद्र को शिफ्ट कर दिया है। इससे पूर्व बूथ के 365 मतदाता राजकीय माध्यमिक पाठशाला बढ़ेडा थाना स्कूल के कमरा नंबर दो में मतदान करते थे। यहां पर बूथ नंबर 82 के भी कुल 484 मतदाता हैं और बूथ नंबर 83 भी इसी जगह लगाया जाता था मगर इस बार जब लोगों ने नई मतदाता सूचियों को देखा तो उनका मतदान केंद्र शिफ्ट करके जामन बाहल गांव के सामुदायिक भवन में कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र को शिफ्ट करने के बारे में विभाग की ओर से पंचायत प्रधान को भी नहीं बताया गया है। ऐसे में उन्होंने चुनाव का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। इस बारे में पंचायत प्रधान राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि मतदान सूचियां आने के बाद ही उन्हें जानकारी मिली है। लोग इसका विरोध कर रहे हैं। उधर, एसडीएम नादौन अपराजिता चंदेल ने कहा कि इस बूथ को चुनाव आयोग से मिले दिशा निर्देशों के तहत ही बदला गया है। सभी राजनीतिक दलों से चर्चा के बाद ही इस बूथ को बनाया गया है। स्थानीय लोगों से इस पर जरूर चर्चा की जाएगी। नए बूथ पर सभी सुविधाएं भी लोगों को उपलब्ध करवाई गई हैं।