हमीरपुर। जिलाभर में विभिन्न संगठनों ने मुंबई में अभिनेत्री कंगना रणौत के कार्यालय को तोड़े जाने के विरोध में महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए। इस दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के पुतले भी जलाए गए। वहीं, राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर इस मामले में महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जिला भाजपा ने जिलाध्यक्ष बलदेव शर्मा की अगुवाई में हमीरपुर बाजार से उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकाली और महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। भोरंज भाजपा मंडल ने तहसीलदार के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन दिया।
इससे पहले पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं ने बस्सी चौक पर महाराष्ट्र सरकार का पुतला भी फूंका व नारेबाजी की। इस मौके पर मंडलाध्यक्ष देशराज सहित अन्य मौजूद रहे। उधर, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने कंगना रणौत प्रकरण पर उद्धव सरकार और बीएमसी की कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। राजपूत कल्याण सभा नादौन ने महाराष्ट्र सरकार के रवैये के प्रति कड़ा रोष व्यक्त किया है। सभा ने कंगना को पूरा समर्थन दिया है। वहीं, गांधी चौक हमीरपुर पर करणी सेना ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने जैसे ही पुतले को आग लगाई, पुलिस कर्मचारियों ने तुरंत पहुंचकर आग को बुझा दिया। इस दौरान प्रदेश मंत्री संजीव शर्मा, जिला महामंत्री अनीश, जिला उपाध्यक्ष अभिषेक सोनी और प्रवीण कुमार मौजूद रहे। उधर, भाजपा मंडल बड़सर के महासचिव चतर सिंह कौशल ने कहा कि कंगना रणौत के ऑफिस को तोड़ा जाना असांविधानिक है। इस मामले में उद्धव ठाकरे की सरकार को बर्खास्त करने के लिए भाजपा मंडल बड़सर ने राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा है। शिवसेना के जिला अध्यक्ष वरुण ने कहा कि कंगना रणौत के साथ महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार ने जो घटिया राजनीतिक खेल खेला है, उसकी कड़ी भर्त्सना करते हैं।