नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने एक जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 तक सेवानिवृत्त कर्मचारियों की बकाया राशि का भुगतान अभी तक न किए जाने पर रोष व्यक्त किया। नगरोटा बगवां में एसोसिएशन के अध्यक्ष आरिन चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि यदि प्रदेश सरकार बजट सेशन में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के उस वर्ग की देनदारियां प्रदान करने का प्रावधान नहीं करती है तो पेंशनरों की संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले राज्यपाल को सरकार के खिलाफ ज्ञापन दिया जाएगा। एसोसिएशन के प्रेस सचिव सुभाष चौधरी ने बताया कि बैठक में 1986 से 2016 तक सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के पे मेट्रिक्स के बारे में भी चर्चा की गई। इसमें जिन पेंशनरों के मामले लंबित हैं, उनकी शीघ्र अदायगी करने की मांग भी की गई। बैठक में सतीश धीमान, जागो राम, सुभाष चौधरी, भीम सेन, हरभजन सिंह, जीत सिंह, जगत राम, रमेश कौंडल, संतोष चौधरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। संवाद