हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के नेत्र रोग महिला और पुरुष वार्ड में दरवाजों और खिड़कियों की चिटकनियां टूटी हुई हैं। इससे रात को मरीज वार्ड का दरवाजा बंद नहीं कर पा रहे। इससे यहां पर दाखिल मरीज ठंड में ठिठुरने को मजबूर हो गए हैं। मरीजों के साथ तीमारदारों को भी खासी दिक्कत होती है। नेत्र रोग आईपीडी रैन बसेरा के साथ ही भवन में है। वहां पर नेत्र वार्ड की आईपीडी चल रही है। रात के समय मरीजों के साथ तीमारदार भी होते हैं।
ठंड के कारण मरीजों के साथ वह भी ठिठुरते हैं। तीमारदारों सुरेश, कमलेश, संतोष, कमलेश कुमारी, संतोषी आदि ने कहा कि दरवाजों के लॉक टूटे हुए हैं। इससे रात को ठंडी हवा आती है लेकिन कॉलेज प्रशासन इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा। इसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ता है। उधर, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि समस्या का हल कर दिया जाएगा।