जाहू(हमीरपुर)। तीन जिलों हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी के संगम स्थल जाहू में पहली बार हो रहे मेवा उत्सव में भारी बारिश और आंधी तूफान ने पानी फेर दिया। दो दिनों से रूक-रूक कर हो रही बारिश की वजह से मेवा उत्सव के लिए बनाए गए खेल मैदान में चारों ओर कीचड़ ही कीचड़ हो गया है। इससे रात्रि संध्या के लिए बनाए गए स्टेज तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। मेवा उत्सव में हिमाचल, हरियाणा, पंजाब ओर जम्मू से आए दुकानदारों को भी दो दिनों से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गत दिवस को रात्रि संध्या के लिए लोक गायक काकू राम ठाकुर को आमंत्रित किया गया था जबकि इस कार्यक्रम में बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल मुख्यातिथि के रूप में आमंत्रित थे। इंद्रदत्त लखनपाल और भोरंज के विधायक सुरेश कुमार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए यहां पहुंच गए थे। मेवा उत्सव कमेटी के सदस्यों द्वारा विधायक इंद्रदत्त लखनपाल को जाहू पंचायत कांग्रेस अध्यक्ष के घर पर सम्मानित किया गया और वह वहां से वापस चले गए। रात्रि संध्या पर गायक का कार्यक्रम भी नहीं हो पाया। इस दौरान भोरंज ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, पूर्व अध्यक्ष राजीव लाल मैहर, भूमि एवं ग्रामीण विकास बैंक के निदेशक रोशन लाल शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव बलविंद्र सिंह बबलू, जाहू पंचायत के पूर्व प्रधान चमन लाल शर्मा एवं अन्य उपस्थित रहे। जाहू पंचायत प्रधान एवं मेवा उत्सव कमेटी के अध्यक्ष अनुराधा शर्मा ने कहा कि बारिश की वजह से परेशानी हुई। लेकिन मौसम ने साथ दिया तो लोक गायक काकू राम ठाकुर का कार्यक्रम करवाया जाएगा।