हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर के रेडियोलॉजी विभाग में लगी पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन में खराबी आ गई है। इस कारण मेडिकल कॉलेज में महज एक ही मशीन से अल्ट्रासाउंड हो रहे हैं। वहीं अस्पताल की एक मशीन आठ माह से पहले ही खराब पड़ी है। उसकी जगह पूर्व में ओटी की अल्ट्रासाउंड मशीन से काम चलाया जा रहा था लेकिन करीब चार माह पहले यहां पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन की व्यवस्था की गई और ओटी की मशीन वापस कर दी।
जब पोर्टेबल मशीन लगाई गई थी तब से लेकर करीब तीन माह तक वह कम ही चली, क्योंकि कोरोना की दूसरी लहर के कारण अस्पताल आने वाले मरीजों की संख्या में कमी आई। बीते करीब एक माह से ही इस मशीन के साथ कार्य होने लगा। इस अवधि में ही यह मशीन हांफ गई। इस मशीन का रेज्यूलेशन सही नहीं है। इस कारण इसकी रिपोर्ट में गड़बड़ी हो सकती है और चिकित्सकों को भी रेज्यूलेशन साफ न होने के कारण रिपोर्ट बनाने में दिक्कत झेलनी पड़ रही है। बता दें कि मेडिकल कॉलेज की सीटी स्कैन मशीन पहले ही खराब पड़ी है। उधर, मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चौहान ने कहा कि अल्ट्रासाउंड मशीन को वीरवार को ठीक कर दिया गया है। मरीजों को यहां दोनों अल्ट्रासाउंड मशीनों का लाभ मिल रहा है। यूपीएस में तकनीकी खराबी के कारण दिक्कत आई थी, जिसका समाधान कर दिया गया है।