सुजानपुर (हमीरपुर)। मिनी सचिवालय परिसर सुजानपुर में स्थापित लिफ्ट का लाभ यहां आने वाले लोगों को नहीं मिल पा रहा है। सचिवालय परिसर में लगी लिफ्ट को सप्ताह में एक बार चलाया जा रहा है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लिफ्ट के बंद होने से खासकर बुजुर्ग लोगों को सचिवालय मेें स्थापित कार्यालयों मेें कार्य करवाने में काफी परेशानी हो रही है।
मंगलवार को सचिवालय परिसर में पहुंची एक वृद्ध महिला को आवाजाही करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सचिवालय में मौजूद लोगों की सहायता से वृद्ध महिला यहां धरातल से तीसरी मंजिल कार्यालय तक पहुंची। स्थानीय लोगों जगदीप, रेखा, रोशनी, रोहित, अश्वनी आदि ने कहा कि दो माह पूर्व सचिवालय परिसर की लिफ्ट को शुरू करवाया गया है, लेकिन लोगों की सुविधा के लिए लिफ्ट को अभी तक पूरी तरह शुरू नहीं किया गया है। ऐसे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रह है। उन्होंने प्रशासन से परेशानी का समाधान करने की मांग की है। इस बारे में एसडीएम सुजानपुर राकेश शर्मा ने कहा लिफ्ट बंद क्यों है, इसकी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि नियमित कर्मी यहां तैनात हों, ऐसी व्यवस्था के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। लोगों को किसी भी तरह की सुविधा न हो, इसका विशेष ख्याल रखा जा रहा है।