गलोड़(हमीरपुर)। गलोड़ क्षेत्र की फाहल पंचायत के अंतर्गत बुधवार दोपहर पशुशाला में अचानक आग लग गई। आग लगने का मुख्य कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फाहल गांव के तेजपाल, पुत्र मंगतराम ने गांव से थोड़ी दूरी पर टीन की शेड बनाकर पशुशाला का निर्माण किया था। इस पशुशाला में चार मवेशी बांधे हुए थे। जिस वक्त आग लगी उस समय दो गाय, एक भैंस और एक गाय का बछड़ा पशुशाला में था। जब तक परिवार और अन्य गांव वालों को आग का पता लगता, तब तक पशुशाला का अधिकांश हिस्सा जल चुका था। इस पशुशाला के जलने से एक भैंस, एक गाय के बछड़े की जलने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो गाय आग से बुरी तरह झुलस गई। जो रस्सा तोड़कर पशुशाला से बाहर निकलने में कामयाब हो गई। इस अग्निकांड से लगभग तीन लाख के करीब का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। ग्रामवासियों ने कड़ी मशक्कत के बाद इस आग को बुझाया। मगर पशुशाला के अंदर रखी इमारती लकड़ी, घास पूरी तरह जलकर राख हो गई।
पंचायत प्रधान रीता कुमारी और तहसीलदार गलोड़ केशव कपिल ने बताया कि परिवार को फौरी राहत के तौर पर 5,000 रुपये की राहत राशि दी गई है। पटवारी को मौके पर जाकर नुकसान का आकलन करने के आदेश दिए गए हैं। पंचायत प्रधान रीता कुमारी ने सरकार से इस पीड़ित परिवार को और सहायता राशि शीघ्र देने की अपील की है। इस मामले पर तहसीलदार केशव कुमार कपिल ने बताया कि परिवार को फौरी राहत राशि 5,000 की सौंप दी गई है। पटवारी की रिपोर्ट मिलने के बाद आगामी कागजी कार्रवाई कर परिवार को नियमानुसार और राहत राशि सौंप दी जाएगी।