सलौणी(हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर की मक्कड़ पंचायत के गांव मुसन के लोगों ने पंचायत नुमाइंदों, सरकार व प्रशासन की अनदेखी से आहत होकर पंचायत चुनावों के बहिष्कार का फैसला लिया है। मुसन गांव के बाशिंदे कई वर्षों से गांव के लिए सड़क सुविधा की मांग कर रहे हैं। गांववासियों विपन कुमार, राजीव कुमार, सुरेश कुमार, संजय कुमार, कुलदीप कुमार, नंद लाल, निर्मला देवी, आशा देवी, रीना देवी आदि ने कहा कि गांव में सड़क तो दूर की बात है, पक्का रास्ता तक नहीं है। 20 वर्ष पूर्व गत पंचायत ने जो पक्का रास्ता बनाया था वह भी लोगों के आपसी विवाद के चलते तोड़ दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत नुमाइंदों ने समस्या का कोई उचित हल न निकालकर केवल अपने हित ही साधे हैं। उन्होंने कहा कि हर बार चुनावों में हमें वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया गया। उन्हें मजबूर होकर पंचायत चुनावों का बहिष्कार करने का निर्णय लेना पड़ा। मक्कड़ पंचायत के निवर्तमान प्रधान पवन कुमार ने कहा कि कि मुसन गांव में गांववासियों द्वारा रास्ते व सड़क निर्माण के लिए भूमि न देना ही समस्या का मुख्य कारण है। जो पक्का रास्ता बना था वह मलकीयत भूमि में था। जिसे भूमि मालिकों ने तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि जब तक ग्रामीण रास्ते व सड़क निर्माण के लिए भूमि नहीं देंगे तब तक पंचायत या कोई भी नुमाइंदा कुछ नहीं कर सकता है।