हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में डेंगू, मलेरिया और स्क्रब टायफस के मरीजों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। इन रोगों की दस्तक से लोगों में भी हड़कंप मचा है। डेंगू और मलेरिया से पीड़ित सभी लोग बाहरी राज्यों से यहां आए हैं। जबकि स्क्रब टायफस से स्थानीय महिलाएं संक्रमित हुई हैं।
अस्पताल में छह लोग इन बीमारियों से ग्रस्त भर्ती हुए हैं। जबकि पूर्व में भी करीब छह लोग इन बीमारियों से ठीक होकर घर भेजे गए हैं। ज्यादातर महिलाएं घास काटने की वजह से इस रोग से संक्रमित हुई हैं। महिलाएं बुखार, सिरदर्द और अन्य लक्षणों के साथ अस्पताल पहुंच रही हैं। वर्तमान में दो ऐसे मरीज अस्पताल में भर्ती है।
उधर, पंजाब से पढ़ाई कर लौटे युवक में मलेरिया और बिहार से लौटे तीन मजदूरों में डेंगू के लक्षण मिले हैं। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के एमडी डॉ. अनुराग ने कहा कि डेंगू, मलेरिया और स्क्रब टायफस में मरीज लगातार अस्पताल आ रहे हैं। लोग एहतियात बरतेें और अपने आसपास सफाई रखें, पूरा तन ढकने वाले कपड़े पहने, घर के आसपास मच्छर और झाड़ियां न पनपने दें और लक्षण दिखने पर अस्पताल में दिखाएं।