बिझड़ी (हमीरपुर)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में चल रहे चैत्र माह मेले के पहले रविवार को 25 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में शीश नवाया। हालांकि, रविवार से पूर्व मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या कम ही रह रही थी, लेकिन रविवार के चलते शनिवार शाम को ही श्रद्धालु अधिक संख्या में मंदिर परिसर में जुटना शुरू हो गए। रविवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर में लग गईं। पूरा मंदिर परिसर बाबा के जयकारों से गूंज उठा। रविवार को गर्मी भी काफी रही, इसके बावजूद श्रद्धालु कतारों में खड़े रहकर बाबा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।
दिनभर श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। अधिकतर श्रद्धालु प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के मंदिर में पहुंचे। बीते सोमवार से शुरू हुए चैत्र मेले के दौरान रविवार को सबसे ज्यादा भीड़ उमड़ी। श्रद्धालु जत्थों में बाबा के झंडे और फोटो लेकर जयकारा लगाते हुए गुफा के दर्शनों के लिए आगे बढ़े। शाम पांच बजे तक 25 हजार श्रद्धालुओं ने मंदिर में माथा टेका। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर को पांच सेक्टरों में बांटा गया है और 325 पुलिस व होमगार्ड के जवान सुरक्षा का जिम्मा संभाले हुए हैं। मंदिर अधिकारी सुभाष ठाकुर ने बताया कि रविवार को करीब 25 हजार श्रद्धालु माथा टेकने पहुंचे। श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन करवाए गए।