हमीरपुर। प्रदेश में बस किराया वृद्धि का विरोध करते हुए जिला हमीरपुर के कांग्रेस विधायकों के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक हमीरपुर में प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेंद्र जार, सुजानपुर से विधायक राजेंद्र राणा, बड़सर से विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, पूर्व विधायक अनीता वर्मा, पूर्व विधायक कुलदीप सिंह पठानिया, प्रदेश महासचिव सुनील बिट्टू, सचिव बलविंद्र सिंह बबलू, कांग्रेस सोशल मीडिया विंग के प्रदेश संयोजक अभिषेक राणा, अनिल वर्मा, होशियार सिंह, नीरज ठाकुर, विधि चंद लगवाल, केसी भाटिया और नीलम ठाकुर समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाल स्कूल के समीप से उपायुक्त कार्यालय तक रोष रैली भी निकाली। इसके बाद कांग्रेस कमेटी ने उपायुक्त हमीरपुर हरिकेश मीणा के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। कांग्रेस ने प्रदेश सरकार से बस किराये में की गई वृद्धि को तुरंत प्रभाव से वापस लेने की मांग की है। जिला अध्यक्ष राजेंद्र जार ने कहा कि अगर बस किराया कम न किया तो प्रदेशभर में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। कोरोना काल में लाखों लोगों का रोजगार छूट गया है। लोग अपने परिवार के भरण पोषण की चिंता में इधर-उधर भटक रहे हैं। लेकिन, प्रदेश सरकार लोगों की दिक्कतें कम करने के बजाय बसों का किराया बढ़ा रही है। जिसका कांग्रेस कमेटी विरोध करती है।