भोटा (हमीरपुर)। राधास्वामी चैरिटेबल अस्पताल मरीजों के लिए 13 जनवरी से खुल जाएगा। अस्पताल के खुलने का इंतजार कर रहे लोगों को नौ माह बाद राहत की खबर आई है। अब बुधवार से अस्पताल में नौ माह पूर्व की तरह ही लोगों को उपचार मिलेगा। कोरोना महामारी की दस्तक के बाद राधास्वामी चैरिटबेल अस्पताल भोटा को 11 अप्रैल 2020 को जिला समर्पित कोवड हेल्थ सेंटर बनाया गया था। यहां के स्टाफ को ब्यास, अमृतसर भेज दिया गया और यहां जिला स्वास्थ्य विभाग की टीमें कोरोना मरीजों के उपचार के लिए मौजूद रहीं।
इसी बीच क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और अन्य लोगों ने प्रदेश सरकार से कई बार इस अस्पताल को आम मरीजों के लिए खोलने की मांग उठाई। चैरिटेबेल अस्पताल भोटा जिला हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना के करीब चार लाख लोगों के लिए निशुल्क इलाज का केंद्र था। यहां मरीज के दाखिल होने के बाद उसकी दवाइयों व खान-पान का सारा खर्च अस्पताल प्रबंधन ही उठाता है। ऐसे में कई गरीब लोगों को यहां लाभ मिलता है। लेकिन, कोरोना वायरस के कारण यहां की ओपीडी बंद होने के बाद निशुल्क उपचार करवाने आने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। इस अस्पताल को दोबारा खोलने से लोगों में ख़ुशी की लहर है। चैरिटेबल अस्पताल भोटा के प्रशासक डॉ. बेली राम का कहना है कि बुधवार से अस्पताल को आम जनता के लिए खोला जा रहा है। लोगों को चाहिए कि वे सामाजिक दूरी बनाए रखें और मास्क का प्रयोग करें।