सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल मुख्यालय सुजानपुर में होने वाले राष्ट्र स्तरीय होली मेले में इस बार बांस का घर मेले में आकर्षण का केंद्र रहेगा। यह घर पहली बार मेले में बनाया जा रहा है। सेंट्रल इंडिया बैंबू एंड रिसर्च टेक्नोलॉजी की ओर से इसका निर्माण किया जा रहा है। इसमें किचन से लेकर हॉल तथा रेलिंग और फर्नीचर तक सब कुछ बांस का ही होगा। कारीगर मुकेश, संजय, राजेश दिनरात इसके निर्माण में जुटे हैं।
चौगान में आकर्षण का केंद्र बनने जा रहे बैंबो हाउस के निर्माण में एक दर्जन कारीगर काम कर रहे हैं। पालमपुर के आईएचबीटी में भी ऐसा ही बैंबो हाउस बनाया गया है। इसके निर्माण का उद्देश्य जनता को सस्ती और अच्छी क्वालिटी के घर बनाना है। प्रदेश में खासकर ऊना, हमीरपुर कांगड़ा में बांस का उत्पादन काफी मात्रा में होता है। सेंट्रल इंडिया बैंबू एंड रिसर्च टेक्नोलॉजी के समन्वयक राकेश कुमार ने बताया कि मेले में पहली बार इसका निर्माण किया जा रहा है। गर्मी में इस घर के अंदर का मौसम ठंडा और सर्दी में गर्म होता है। यह मौसम के मुताबिक अनुकूल रहता है।