हमीरपुर। बेरोजगार कला अध्यापक संघ की बैठक हमीरपुर के चिल्ड्रन पार्क हीरानगर में रविवार को आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता संघ की प्रधान अंजना कुमारी ने की। वहीं, बैठक में कार्यकारिणी सदस्य और अन्य कला बेरोजगार अध्यापक मौजूद रहे। इस दौरान सरकार से मांग के बावजूद कला अध्यापकों के पद न भरने पर रोष जताया गया। निर्णय लिया गया कि सरकार के इस रवैये के खिलाफ बेरोजगार कला अध्यापक जिला और राज्य स्तर पर सरकार के खिलाफ आक्रोश प्रदर्शन करेंगे। जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भी भेजेंगे ताकि, सरकार प्रदेश में अरसे से खाली चल रहे कला अध्यापकों के पदों पर भर्ती करे।
इस मौके पर सरकार के सौ से कम संख्या वाले स्कूलों में अध्यापकों के पदों को न भरने के निर्णय पर भी रोष व्यक्त किया गया। प्रधान अंजना ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दो साल पूरे हो गए हैं, लेकिन कला अध्यापकों का एक भी पद सृजित या भरा नहीं गया है। सरकार कला अध्यापकों के साथ अन्याय कर रही है। संघ ने निर्णय लिया कि अगर सरकार जल्द इस वर्ग के पदों को नहीं भरती है तो संघ जिला और राज्य स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेगा। इस मौके पर उपप्रधान दिनेश, प्रवक्ता पंकज ठाकुर, सदस्य रविंद्र, शारदा, इंदु, रीता, अनीता आदि मौजूद रहे।