भोरंज (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबोह में शनिवार को चुनाव मेले का आयोजन किया गया। शुभारंभ प्रधानाचार्य डॉ. रण सिंह चौहान ने किया। कार्यक्रम में राजनीति शास्त्र के प्रवक्ता नोडल अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बच्चों और मतदाताओं को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि मेले में मतदाता जागरूकता अभियान से संबंधित पोस्टर और सामग्री प्रदर्शित की गई।
चुनाव मेले में 60 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं और दिव्यांग मतदाताओं के लिए पुराने गानों की अंताक्षरी बच्चों और अध्यापकों की सहभागिता से आयोजित की गई। कार्यक्रम के अंत में मतदाताओं के लिए कबड्डी प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें रावी टीम ने व्यास टीम को हराया। इस मौके पर महिला मंडल प्रधान अंजू देवी, सुरेखा देवी, सलीमा, उपप्रधानाचार्य रविकांत, नसीब खान और अजितेंद्र समेत अन्य गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।