बड़सर(हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के घुमारवीं और बिरसवीं सीमा पर स्थित सरकारी जमीन पर बिना अनुमति पेड़ काटकर सड़क निकालने का आरोप है। गांव के एक व्यक्ति ने अपने घर तक सड़क बनाने के लिए जेसीबी लगवाकर सड़क निकाली है। जबकि गांव के कुछ लोगों का आरोप है कि इस सड़क को निकालने के लिए कई हरे भरे पेड़ काटे गए।
वहीं पेड़ काटने के लिए विभाग से कोई अनुमति भी नहीं ली गई। स्थानीय लोगों कुलदीप कुमार, विधि भारद्वाज, अमरनाथ और कई अन्य लोगों ने कहा कि घुमारवीं के एक व्यक्ति ने अपने घर तक सड़क ले जाने के लिए गैर कानूनी तौर पर सरकारी जमीन पर जेसीबी लगाकर सड़क निकाल ली और कई हरे भरे वृक्षों की बली दे दी। वहीं बिना अनुमति के यह कार्य किया गया। इस विषय में शिकायतकर्ता ने एक पत्र जिलाधीश हमीरपुर को भी भेजा है और इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग भी की है। वहीं इस बारे में वन मंडल बड़सर के रेंज ऑफिसर मनीष शर्मा ने कहा कि मौके पर वन विभाग की टीम गई थी और दोनों पक्षों के बयान भी दर्ज कर लिए गए। ऐसे में जांच के बाद अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उस पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।