{"_id":"5a8ef6c94f1c1ba2268bbd4e","slug":"21519318729-hamirpur-hp-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"लखविंद्र बड़ाली, मिस पूजा और हंस राज मचाएंगे धमाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लखविंद्र बड़ाली, मिस पूजा और हंस राज मचाएंगे धमाल
Updated Thu, 22 Feb 2018 11:33 PM IST
विज्ञापन
हमीरपुर। राष्ट्रस्तरीय होली उत्सव सुजानपुर में आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में लखविंद्र बड़ाली, मिस पूजा और हंस राज हंस अपनी प्रस्तुतियां देंगे। अमर उजाला में खबर छपने के बाद मेला कमेटी ने स्टार नाइट के लिए कलाकारों के नाम फाइनल कर दिए हैं। अमर उजाला ने अपने 22 फरवरी के अंक में इस मामले को प्रमुखता से उठाया है। जिसके बाद वीरवार को ही मेला कमेटी ने स्टार कलाकारों के नाम तय कर दिए हैं। 27 फरवरी से शुरू होने वाले इस होली उत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर सुबह 11 बजे करेंगे। इस दौरान शोभायात्रा और पूजा अर्चना के बाद प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया जाएगा। दो बजे सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करने के साथ साथ मुख्यमंत्री द्वारा हमीर प्राइड डॉट कॉम वेबसाइट की लांचिंग भी की जाएगी। वेबसाइट में हमीरपुर जिला की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के साथ विकासात्मक गतिविधियों की पूर्ण जानकारी उपलब्ध रहेगी। उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा कि होली उत्सव की ऐतिहासिक जानकारी भी लेजर शो के माध्यम से सुजानपुर के ऐतिहासिक चौगान में थ्री डी में दर्शाई जाएगी। हिमाचल में किसी भी मेले में लेजर शो का पहली बार प्रयोग किया जा रहा है। मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में लखविंद्र बड़ाली लोगों का मनोरंजन करेंगे। दूसरी नाइट पहाड़ी स्टार कलाकारों के लिए रहेगी। पहली मार्च को पंजाबी गायक मिस पूजा बतौर स्टार कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगी। इसी तरह से राष्ट्र स्तरीय होली मेले का समापन दो मार्च को किया जाएगा। इस दिन पंजाबी गायक हंस राज हंस बतौर स्टार कलाकार शिरकत करेंगे। उपायुक्त ने कहा कि मेले की तैयारियां जोरों से चल रही हैं और इस बार पंडाल और डोम भी बेहतर और व्यवस्थित तरीके से लगाए गए हैं। वहीं स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।
विज्ञापन