Vimal Negi Death Case: चीफ इंजीनियर विमल नेगी की डायरियां खोलेंगी कई राज, सीबीआई जांच में सामने आएगा सच
Vimal Negi Death Case : चीफ इंजीनियर विमल नेगी की दो निजी डायरियां एसआईटी की जांच बरामद की गई हैं। सूत्रों के मुताबिक दोनों डायरियों में विमल नेगी ने अपनी निजी दिनचर्या के साथ ही अपने कामकाज को लेकर भी कई महत्वपूर्ण उल्लेख किए हैं। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
चीफ इंजीनियर विमल नेगी की दो पर्सनल डायरियों में कई राज दफन हैं। पेन ड्राइव के साथ-साथ डायरी में दर्ज रिकाॅर्ड सीबीआई के लिए अहम साक्ष्य होगा। एसआईटी की जांच में विमल नेगी की दो निजी डायरियां बरामद की गई हैं, जो पावर कॉरपोरेशन और परियोजनाओं को लेकर कई राज खोल सकती हैं।
सूत्रों के मुताबिक दोनों डायरियों में विमल नेगी ने अपनी निजी दिनचर्या के साथ ही अपने कामकाज को लेकर भी कई महत्वपूर्ण उल्लेख किए हैं। अब सीबीआई जांच होने पर केंद्रीय जांच एजेंसी के लिए यह दोनों डायरियां अहम साक्ष्य बन सकती हैं। पुलिस महानिदेशक ने भी अपनी स्वतंत्र रिपोर्ट में डायरी का जिक्र किया है। रिपोर्ट में उन्होंने प्रदेश उच्च न्यायालय को बताया था कि जब एसआईटी सदस्यों से उन्होंने विमल नेगी की निजी डायरियों को दिखाने के लिए कहा तो उन्होंने इससे साफ इन्कार कर दिया।
विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक एसआईटी इसके पीछे नियमों का हवाला दे रही है। उनका कहना है कि इतने संवेदनशील रिकॉर्ड को किसी अफसर के साथ नियमों के तहत साझा नहीं किया जा सकता है। यह विशेषाधिकार सिर्फ जांच अधिकारी तक ही सीमित होता है। दोनों निजी डायरियों को शिमला एसआईटी ने 22 मार्च को बरामद किया था।
एसआईटी की जांच में बरामद हुए हैं 40 मोबाइल
शिमला एसआईटी ने जांच के दौरान पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों, कर्मचारियों, आरोपी अधिकारियों समेत कई अन्य लोगों के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी संख्या 40 से अधिक बताई जा रही है। इन सभी मोबाइल को जांच के लिए एफएसएल भेजा गया था। सीबीआई की जांच में इन मोबाइल फोन से प्राप्त होने वाले डाटा से भी कई अहम सबूत मिल सकते हैं। इसमें विमल नेगी को बार-बार आने वाली कॉल, व्हाट्सएप चैट शामिल हैं।
- 18 मार्च को बिलासपुर में गोबिंदसागर झील से विमल नेगी का शव बरामद किया गया था, उनसे मिले पेन ड्राइव को क्यों छिपाया गया।
- एएसआई पंकज वीडियो में किसके साथ पेन ड्राइव को लेकर बातचीत कर रहा है, पेन ड्राइव से डाटा क्यों डिलीट किया गया।
- 10 मार्च को लापता होने के बाद विमल नेगी की आखिरी लोकेशन घुमारवीं बस स्टैंड में मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मौत 13 मार्च के करीब होना बताया गया है। ऐसे में वह तीन तक कहां-कहां रहे और किससे मिले।
- चंडीगढ़ से उनसे मिलने के लिए आने वाले लोग कौन थे, जिनका वह इंतजार करने की बात कह रहे थे।
- विमल नेगी से दुर्व्यवहार और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के मामले में किस-किस अधिकारी की संलिप्तता थी।
- विमल नेगी पर किस प्रकार के अनुचित कार्य करने का दबाव बनाया जा रहा था।
- डीजीपी ने रिपोर्ट में पुलिस कर्मचारियों के बीच चैट में पेन ड्राइव बदलने का जिक्र है, इसमें कितनी सच्चाई है।
- जब विमल नेगी के शव से पेन ड्राइव बरामद कर लिया गया तो उनका मोबाइल अभी तक क्यों नहीं मिला।