दसवीं का जीरो परिणाम आने पर भड़के लोग, स्कूल में जड़ा ताला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भटियात उपमंडल की गडाना पंचायत के राजकीय उच्च विद्यालय भराड़ी में दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम जीरो प्रतिशत रहने पर अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। खराब परीक्षा परिणाम को लेकर गुस्साए अभिभावकों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्कूल प्रबंधन समिति ने स्कूल में ताला जड़ दिया। इन सभी लोगों ने शिक्षा विभाग से लिखित शिकायत कर मामले की निष्पक्षता से जांच करवाने का आग्रह किया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक हाल ही में घोषित हुए दसवीं के परीक्षा परिणाम में स्कूल के 28 छात्र-छात्राओं में 21 की कंपार्टमेंट, छह फेल और एक अनुपस्थित रहा। कुलमिलाकर स्कूल का परीक्षा परिणाम जीरो प्रतिशत रहा। वीरवार को इसके बारे में अभिभावक स्कूल स्टाफ से पूछताछ करने के लिए स्कूल पहुंच गए। लेकिन, जब अभिभावक, पंचायत प्रतिनिधि और स्कूल प्रबंधन समिति के पदाधिकारी स्कूल पहुंचे तो वहां सवा नौ बजे तक स्कूल में कोई भी अध्यापक नहीं पहुंचा था। इससे गुस्साए अभिभावकों ने स्कूल में ताला जड़ दिया। स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष पवन कुमार, स्थानीय पंचायत प्रधान निर्मला देवी, उप प्रधान पवन कुमार, वार्ड पंच सुुुुभाष चंद, दुर्गो देवी, कश्मीर सिंह, महिंद्रा देवी, चंचलो देवी और अभिभावकों ने बताया कि स्कूल का जीरो प्रतिशत रिजल्ट आने का कारण जानने के लिए ही वे स्कूल पहुंचे थे। इन लोगों का कहना है कि स्कूल में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिससे पता चल सकता है कि अध्यापक बच्चों को कैसे पढ़ाते थे।
प्रिंसिपल से पहले पहुंच गई पुलिस
स्कूल पहुंचे अभिभावकों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्कूल प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों का गुस्सा उस वक्त सातवें आसमान पर पहुंच गया जब प्रधानाचार्य के पहुंचने से पहले ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। लोगों ने स्पष्ट कहा कि यह मामला शिक्षा विभाग और ग्रामीणों के बीच का है। पुलिस को किस लिए इस मामले में भेजा गया है। बहरहाल, थोड़ी देर तक माहौल तनावपूर्ण हो गया। भटियात उपमंडलाधिकारी अश्वनी सूद का कहना है कि बच्चों के अभिभावकों द्वारा स्कूल में प्रदर्शन करने की सूचना उन्हें मिली थी। उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को मौके पर भेजा गया था। थाना प्रभारी चुवाड़ी एमएस राणा का कहना है कि एसडीएम चुवाड़ी की ओर से मौके पर जाने के निर्देश मिले थे। इसलिए एएसआई और कांस्टेबल को मौके पर भेजा गया था। स्कूल की मुख्याध्यापिका राज कुमारी ने बताया कि इस मामले में जानकारी नहीं है। वे इन दिनों छुट्टी पर है। कार्यवाहक उच्च शिक्षा उपनिदेशक जलालदीन ने बताया उन्हें इस बारे जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि इस मामले की गहनता के साथ छानबीन की जाएगी।