चंबा। जिले के पीओ सेल ने चेक बाउंस मामले में उद्घोषित आरोपी को अमृतसर से पकड़ने में सफलता हासिल की है। इस अपराधी की पुलिस को काफी समय से तलाश थी। पुलिस ने डलहौजी पुलिस थाने में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। उद्घोषित अपराधी की पहचान रमेश खन्न निवासी मकान नंबर 495बी बसंत एवनऊ जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई।
जानकारी के मुताबिक आरोपी को डलहौजी न्यायालय की ओर से धारा 138 नेगोसिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के तहत 12 दिसंबर 2017 को उद्घोषित अपराधी घोषित किया था, जो पिछले काफी समय से अपनी जगह बदलकर रह रहा था। इसी बीच पुलिस के पीओ सेल को गुप्त सूचना मिली कि यह अपराधी अमृतसर में छिपा हुआ है। उसके बाद पुलिस के पीओ और साइबर सेल की टीम ने अपराधी को अमृतसर में उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। एसपी अरुल कुमार ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आरोपी को अदालत ने उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। पुलिस आगामी जांच कर रही है।