चुवाड़ी (चंबा)। चुवाड़ी-जोत मार्ग पर कुट के पास कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में सात साल की बच्ची सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल चुवाड़ी पहुंचाया गया। चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
घायलों की पहचान नितिश (27) निवासी भाग भंडेरा, महिंद्र (30) निवासी भुलाड़, राहुल कुमार (25) निवासी कुलेल, सीमा देवी पत्नी नीतिश (24) निवासी कुलेल, भटियात और रियांसी पठानिया (7) निवासी सुलयाली, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। बच्चे अपने रिश्तेदारों के पास आई थी। रविवार शाम करीब 3:00 बजे कार में सवार होकर चुवाड़ी-जोत मार्ग पर जा रहे थे। गाड़ी को राहुल कुमार चला रहा था। कुट के पास कार अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। लोग मदद के लिए वहां पहुंच गए। लोगों ने घटना की सूचना चुवाड़ी थाना को दी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को खाई से बाहर निकालकर सड़क पर पहुंचाया। जहां से उन्हें एंबुलेंस में चुवाड़ी अस्पताल पहुंचाया गया।चुवाड़ी अस्पताल के मेडिकल अफसर डॉ. देवेंद्र पाल ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। चार घायलों को टांडा रेफर किया गया है। बच्ची ठीक है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि हादसे के कारणों की छानबीन की जा रही है।