चंबा। जिले के ऐतिहासिक चौगान में आयोजित राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने चंबा मुख्यालय में मिनी सचिवालय बनवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मिनी सचिवालय की व्यवस्था होने से लोगों को एक ही छत के नीचे काम करवाने की सहूलियत मिलेगी। उन्होंने होली-उतराला सड़क के कार्य में तेजी लाने के लिए पांच करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने चंबा शहर के सौंदर्यीकरण और सुधार के अलावा चंबा शहर की यातायात समस्या को दूर करने के लिए जरूरी कदम उठाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि चंबा मेडिकल कॉलेज से वाया पक्काटाला बालू मार्ग का सुधारीकरण होने से मरीजों और आम लोगों को काफी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने 75वें राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह की अध्यक्षता करते हुए चंबा को कई सौगात दीं। समारोह में उन्होंने तिरंगा फहराया, जबकि पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और एनएसएस की टुकड़ियों ने उन्हें सलामी दी। परेड का नेतृत्व एसडीपीओ सलूणी आईपीएस मयंक चौधरी ने किया।