भरमौर (चंबा)। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एक से 26 जून तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भरमौर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य अरुणा ने बताया कि इस अवधि में विद्यार्थियों ने स्लोगन लेखन, चित्रकला, निबंध लेखन एवं भाषण प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लिया। साथ ही बच्चों ने रैली निकालकर समाज को जागरूक करने का संदेश भी दिया। स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर एंजल, द्वितीय आंचल, जबकि तृतीय स्थान पर भूमिका रही। चित्रकला प्रतियोगिता में आरुषि प्रथम, खुशबू द्वितीय और स्नेहिल तृतीय स्थान पर रही। निबंध लेखन प्रतियोगिता में पल्लवी पहले, प्रिंसी दूसरे, स्नेहा तीसरे वहीं, भाषण प्रतियोगिता में साहिल शर्मा ने पहला, रुचिका ने दूसरा और अहाना ने तीसरा स्थान हासिल किया। राष्ट्रीय सेवा योजना के नोडल अधिकारी विजय शर्मा ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों और समाज में सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं और युवा अब नशे से दूरी बनाने लगे हैं। प्रधानाचार्य ने बताया कि खंड चिकित्सा अधिकारी भरमौर ने विद्यालय को तंबाकू मुक्त संस्थान का प्रमाण पत्र भी प्रदान किया। उन्होंने कहा कि आगामी समय में विद्यालय के आसपास दुकानों में तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट, गुटका आदि के विक्रय पर प्रतिबंध लगाने के लिए एडीएम भरमौर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।