चंबा। भारी बर्फबारी से देश-दुनिया से कट चुकी पांगी घाटी के कुमार गांव में हिमखंड गिरने से प्रभावित परिवारों के लिए जिला प्रशासन ने राहत सामग्री एयरलिफ्ट की है। बुधवार शाम राहत सामग्री लेने के लिए हेलिकाप्टर चंबा के सुल्तानपुर हेलिपैड पहुंचा। यहां एसडीएम चंबा प्रियांशु खाती की देखरेख में एक जीप में भरी हुई राहत सामग्री चॉपर में डाली गई। इस राहत सामग्री को लेकर चॉपर जम्मू के लिए रवाना हुआ। यहां से वीरवार सुबह चॉपर कुमार गांव में राहत सामग्री लेकर जाएगा। हिमखंड से कुमार गांव में करीब आठ घर ध्वस्त हुए हैं। लोगों के पास राशन से लेकर अन्य जरूरी सामान खत्म हो चुका है। इसलिए जिला प्रशासन ने इन लोगों को राशन सहित अन्य जरूरी सामग्री एयरलिफ्ट की है।
उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मुकेश रेपसवाल ने बताया कि आवासीय आयुक्त पांगी की ओर से प्रेषित सूची के अनुसार आपदा प्रभावित लोगों के लिए खाद्यान्न और अन्य वस्तुओं को एयरलिफ्ट किया गया है। राहत सामग्री में आटा, चावल, दालें, खाद्य तेल, बर्तन, तिरपाल, कंबल, गर्म कपड़े, जूते, गर्म जुराबें इत्यादि सामग्री शामिल है जो हेलिकाप्टर के माध्यम से भेजी गई है। एसडीएम प्रियांशु खाती ने बताया कि लोगों की आवश्यकता के अनुसार और भी राहत सामग्री भेजी जाएगी। यह राहत सामग्री ले जा रहा हेलिकाप्टर वीरवार को जम्मू से जनजातीय उपमंडल पांगी के कुमार गांव में राहत सामग्री को एयर ड्रॉप करेगा।