{"_id":"18-65225","slug":"Chamba-65225-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"जंगल में छोड़े एसएफआई कार्यकर्ता","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जंगल में छोड़े एसएफआई कार्यकर्ता
Chamba
Updated Sat, 18 Oct 2014 05:33 AM IST
विज्ञापन
चंबा। फीस वृद्धि, रूसा व प्रत्यक्ष एससीए चुनावों पर प्रतिबंध को लेकर एसएफआई ने अपना आंदोलन तेज कर दिया है। शुक्रवार को प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर स्थानीय कॉलेज में एसएफआई ने ‘जेल भरो आंदोलन’ शुरू किया। सबसे पहले एसएफआई कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के कैंपस में प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश सरकार व विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। एसएफआई के कॉलेज में हो रहे प्रदर्शन के दौरान पुलिस कर्मी वहां तैनात रहे, लेकिन किसी प्रकार की गिरफ्तारी नहीं हुई। इसके बाद एसएफआई के कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष सुदेश राजपूत की अगुवाई में सदर थाना पहुंच गए। इस दौरान एसएफआई के करीब 17 कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारियां देनी चाही, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार नहीं किया और उन्हें बस में बिठाकर चामुंडा मंदिर की ओर ले गई। यहां पर पुलिस ने उन्हें चामुंडा मंदिर के पास जंगल में छोड़ दिया और बस वापस आ गई। एसएफआई के जिला सचिव देवेंद्र ने बताया कि एसएफआई के करीब 17 कार्यकर्ता गिरफ्तारियां देने पुलिस स्टेशन पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि एसएफआई मांगों को लेकर ‘जेल भरो आंदोलन’ चला रही है। इस आंदोलन के तहत पूरे प्रदेश में एसएफआई कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारियां दीं। उन्होंने कहा कि फीस वृद्धि कम नहीं होती, तो एसएफआई का आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान एसएफआई के जिला उपाध्यक्ष, गौरव, कैंपस अध्यक्ष, रोहित, सतीश, मुकेश, अजय, पवन, सुरेंद्र, ओंकार और वीरेंद्र आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन