{"_id":"5adcbb6f4f1c1b87098b5cad","slug":"31524415343-chamba-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"दस दिन में यातायात के लिए बहाल हो जाएगा चंबा-किलाड़ मार्ग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दस दिन में यातायात के लिए बहाल हो जाएगा चंबा-किलाड़ मार्ग
Updated Sun, 22 Apr 2018 10:33 PM IST
विज्ञापन
snow shimla
- फोटो : demo pics
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
चंबा। जनजातीय क्षेत्र पांगी का रुख करने वाले पांगीवासियों के लिए राहत की खबर है। मौसम ने अगर साथ दिया तो आगामी दस दिन में चंबा-किलाड़ मार्ग यातायात के लिए बहाल होने की संभावना है। साच पास में पड़ी बर्फ को हटाने का कार्य युद्घस्तर पर शुरू कर दिया गया है। भारी बर्फबारी होने से चंबा-किलाड़ मार्ग छह माह से यातायात के लिए बंद पड़ा है।
इसकी वजह से पांगीवासी चंबा आने और पांगी जाने के लिए हवाई उड़ान पर ही निर्भर करते हैं। वाहनों से यात्रा करने के लिए उन्हें वाया जम्मू कश्मीर होकर जाना पड़ता है। पांगी प्रशासन ने लोगों की समस्या को देखते हुए साचपास को बहाल करने के लिए युद्घ स्तर पर कार्य चला रखा है। साच पास के दोनों किनारों पर जेसीबी मशीनों के माध्यम से बर्फ हटाने का कार्य चलाया गया है। मगर बार-बार बर्फबारी होने से मार्ग को बहाल करने में अधिक समय लग रहा है। अन्यथा पिछले माह ही मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हो सकता था।
विज्ञापन
साच पास के खुलने की खबर मिलने से पांगी वासियों में खुशी की लहर है। साचपास खुलने से चंबा से किलाड़ के लिए बस सेवा भी बहाल हो जाएगी। इसके अलावा टैक्सियों की आवाजाही भी शुरू हो जाएगी।
विज्ञापन
इसके बाद घाटी के लोगों को वाया जेएंडके जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पांगी के स्थायी निवासी चैन सिंह, अशोक कुमार, राजकुमार, सुभाष कुमार, सुरेंद्र, हंसराज, संजीव, राकेश और भाग चंद ने बताया कि चंबा -किलाड़ मार्ग यातायात के लिए बंद होने से पांगी आने जाने में लोगों को काफी परेशानी होती है। इस समस्या के समाधान के लिए चैहणी सुरंग का बनना लाजिमी है। सुरंग बनने से 12 महीने मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए खुला रहेगा।
दस दिनों में बहाल हो सकता है साच पास : एसडीएम
उपमंडलाधिकारी पांगी सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि साच पास दस दिन के भीतर खुल सकता है। आधे से ज्यादा मार्ग से बर्फ हटाई जा चुकी है। जबकि बर्फ हटाने का कार्य युद्घस्तर पर जारी है। मौसम साफ रहा तो दस दिनों में साच पास बहाल हो जाएगा।