{"_id":"5c02b250bdec2241563e423c","slug":"141543680592-chamba-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"खणी पंचायत में भालू ने युवक को किया लहूलुहान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
खणी पंचायत में भालू ने युवक को किया लहूलुहान
Updated Sat, 01 Dec 2018 09:39 PM IST
विज्ञापन
bear
- फोटो : demo pic
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
भरमौर (चंबा)। खणी पंचायत में भालू के हमले से एक युवक घायल हो गया है। युवक पर भालू ने उस समय हमला किया जब वह घर जा रहा था। हालांकि युवक ने भालू का डटकर मुकाबला किया और उसे भागने पर मजबूर कर दिया। जानकारी के अनुसार खंणी पंचायत के जकौता गांव का रहने वाला राजकुमार पुत्र रोशन लाल शुक्रवार को शाम के समय घर जा रहा था। इसी दौरान गांव के पास जंगल से अचानक भालू निकला और उसके ऊपर झपट पड़ा। भालू को अपने ऊपर हमला करते देख युवक ने मनोबल नहीं तोड़ा और भालू का डटकर सामना किया।
आखिरकार भालू को युवक की हिम्मत के आगे नतमस्तक होना पड़ा। करीब दस मिनट तक भालू और युवक के बीच घमासान हुआ। भालू के गुर्राहट और युवक की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंच गए। लोगों की ज्यादा भीड़ इकट्ठा होता देेख भालू जंगल की ओर भाग गया और युवक की जान बच गई। परिजन घायल युवक को नजदीकी अस्पताल में लेकर आए। यहां पर युवक के जख्मों का उपचार किया गया। खणी पंचायत में जंगली जानवरों का आतंक है। कई लोग पहले भी जंगली जानवरों का शिकार बन चुके हैं। सर्दियों के मौसम में जानवर जंगल से निकलकर रिहायशी बस्ती में पहुंच जाते हैं। यह स्थानीय लोगों के लिए खतरनाक है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और वन विभाग से जंगली जानवरों को रिहायशी बस्ती से दूर रखने की व्यवस्था का इंतजाम करने की गुहार लगाई है।
विज्ञापन