बिलासपुर। नगर की नवीन मंडी के एक व्यापारी ने कुछ लोगों पर हरियाणा जा रहे धान भरे दो ट्रक रास्ते से गायब करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। दोनों ट्रकों में करीब दस लाख रुपये से अधिक का धान भरा हुआ था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
तराई खाद्य व्यापार संघ के चेयरमैन सुनील गुप्ता, रमेश चंद्र गंगवार, कुशल कुमार अग्रवाल के साथ नवीन मंडी स्थित एक आढ़त के व्यापारी मनोज कुमार अग्रवाल पुत्र निरंजन लाल अग्रवाल निवासी मोहल्ला सोमवार का बाजार शनिवार की दोपहर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र सिंह से मुलाकात कर एक तहरीर दी। उन्होंने तहरीर में आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी आढ़त से 27 दिसंबर को करीब 170 क्विंटल धान भरा एक ट्रक हरियाणा के करनाल को एक स्थानीय ट्रांसपोर्टर की मदद से भेजा था, जो अभी तक वहां नहीं पहुंच सका है। उन्होंने ट्रक में करीब पांच लाख रुपये से अधिक का धान भरा होने की बात बताई। उनका आरोप था कि कुछ लोगों ने रास्ते में ही उनके धान को हड़प लिया है। उन्होंने कोतवाली प्रभारी को बताया कि दूसरा ट्रक बरेली जिले के देवचरा कस्बे से उन्होंने धान भरकर हरियाणा को भेजा था। उसे भी कुछ लोगों ने रास्ते में ही गायब कर दिया है। व्यापारी का आरोप था कि दोनों ट्रकों में करीब दस लाख रुपये से अधिक का धान भरा हुआ था। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह मामले की जांच कर आगामी कार्रवाई करेंगे। फिलहाल पुलिस ने उनकी तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।